ASANSOL

जय बालाजी इंडस्ट्री में ठेका श्रमिकों का प्रदर्शन

बंगाल मिरर, रानीगंज, चरण मुखर्जी : रानीगंज के मंगलपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित जॉय बालाजी इंडस्ट्री लौह एवं इस्पात कारखाने में सोमवार को ठेका श्रमिकों के प्रदर्शन के कारण करीब छह घंटे तक उत्पादन पूरी तरह प्रभावित रहा। श्रमिकों ने उचित वेतन, पीएफ, ईएसआई तथा अन्य वैधानिक सुविधाओं की मांग को लेकर कारखाने के दोनों मुख्य गेटों को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।सोमवार सुबह करीब पांच बजे बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक बिना किसी राजनीतिक दल के बैनर तले एकजुट होकर आंदोलन पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान स्थायी कर्मचारियों और अधिकारियों को भी कारखाने में प्रवेश करने से रोका गया, जिससे उत्पादन कार्य बाधित हो गया।प्रदर्शनकारी श्रमिकों का आरोप है कि उन्हें उचित वेतन नहीं दिया जाता, पहचान पत्र उपलब्ध नहीं कराया गया है और पीएफ, ईएसआई सहित अन्य श्रमिक सुविधाओं से भी वंचित रखा गया है।

कई श्रमिकों ने यह भी दावा किया कि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिलता और दो से तीन महीने की देरी से भुगतान किया जाता है।स्थिति को देखते हुए सुबह करीब दस बजे कारखाना प्रबंधन ने प्रदर्शनकारी श्रमिकों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में श्रमिकों की शिकायतों और मांगों पर चर्चा की गई।प्रदर्शन में शामिल श्रमिकों का कहना है कि प्रबंधन ने उनकी मांगों को उचित माना है और उन्हें पूरा करने के लिए 10 दिनों का समय मांगा है। प्रबंधन के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया और कारखाने में उत्पादन कार्य फिर से शुरू हो गया।अब देखना यह होगा कि ठेका श्रमिकों की मांगों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाता है या नहीं। श्रमिकों का कहना है कि यदि वादों पर अमल नहीं हुआ तो वे आगे भी आंदोलन का रास्ता अपना सकते हैं।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *