Asansol : Flyover, Multilevel Parking समेत कई अहम सुझाव ADDA की बड़ी बैठक में व्यापारिक संगठनों ने दिए
बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय: आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (ADDA) की सीईओ तथा आसनसोल नगर निगम की प्रशासक अदिति चौधरी ने मंगलवार को आसनसोल के समग्र विकास और शहर को ट्रैफिक जाम से मुक्त बनाने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों (चैंबर ऑफ कॉमर्स) के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
आसनसोल स्थित ADDA भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस बैठक में फेडरेशन ऑफ साउथ बंगाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FOSBECI) के अध्यक्ष शचीन राय, साउथ बंगाल चैंबर्स ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष वीके ढल महासचिव जगदीश बागड़ी, आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभूनाथ झा, नरेश अग्रवाल आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष गौरी शंकर अग्रवाल, सचिव विनोद गुप्ता सहित शहर के कई प्रमुख व्यवसायी मौजूद थे।
बैठक में आसनसोल को जाम मुक्त बनाने, यातायात व्यवस्था को बेहतर करने और शहर के बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न व्यापारिक संगठनों की ओर से ADDA और आसनसोल नगर निगम के समक्ष कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी रखे गए।














FOSBECI के अध्यक्ष शचीन राय ने बताया कि जीटी रोड पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए वैकल्पिक फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव दिया गया है। इसके अलावा एस.बी. गोराई रोड पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए आसनसोल जिला अस्पताल के पीछे रेलवे लाइन के पास चार लेन सड़क निर्माण का सुझाव भी रखा गया। उन्होंने कहा कि पहले इस परियोजना की योजना बनाई गई थी, लेकिन बाद में उस पर काम नहीं हो सका।
शचीन राय ने यह भी कहा कि वर्तमान समय में आसनसोल की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक पार्किंग है। इसे देखते हुए शहर में मल्टी लेवल स्पाइरल पार्किंग प्लाजा बनाने का प्रस्ताव दिया गया, जिससे पार्किंग की समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है।
आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सचिव विनोद गुप्ता ने बताया कि उनकी संस्था की ओर से भी शहर के विकास से जुड़े कई सुझाव ADDA को सौंपे गए हैं।
बैठक में मौजूद विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बताया कि ADDA की सीईओ अदिति चौधरी ने आश्वासन दिया है कि इस तरह की बैठक हर महीने आयोजित की जाएगी, ताकि व्यापारिक संगठनों के सुझावों के आधार पर शहर के विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके और आसनसोल को एक बेहतर एवं सुव्यवस्थित शहर बनाया जा सके।


