ASANSOL

2021 चुनावी हिंसा मामले में तृणमूल के पूर्व उपप्रधान अशोक हेला और श्रमिक नेता विवेक मंडल गिरफ्तार

बंगाल मिरर, आसनसोल: वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान हिंसा, भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले तथा अन्य कई मामलों में आरोपी एगरा ग्राम पंचायत के पूर्व उपप्रधान अशोक हेला और तृणमूल श्रमिक संगठन के नेता विवेक मंडल को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मंगलवार दोपहर गिरफ्तारी के बाद बुधवार को दोनों को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रानीगंज थाना क्षेत्र में स्थानीय लोगों के संभावित आक्रोश को देखते हुए बुधवार सुबह ही दोनों तृणमूल नेताओं को दूसरे थाने में स्थानांतरित कर दिया गया था। बाद में उन्हें आसनसोल उत्तर थाना से अदालत लाया गया। अदालत पहुंचने के दौरान दोनों नेताओं को चेहरे पर मास्क लगाए देखा गया।

अशोक हेला और विवेक मंडल पर इलाके में दबंगई, आतंक फैलाने, चुनाव के दौरान विपक्षी दलों के नेताओं को धमकाने, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने, भय दिखाकर मारपीट के जरिए जमीन कब्जाने तथा क्षेत्र में वर्चस्व कायम करने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। बुधवार को पुलिस ने दोनों नेताओं को बिना किसी शोर-शराबे के चुपचाप अदालत में पेश किया। मामले को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *