मुहर्रम में डीजे और हथियारों पर रोक, दूसरे जिलों की घटनाओं को लेकर स्थानीय अशांति न फैलाने की पुलिस की अपील
बंगाल मिरर, जामुड़िया: आगामी 26 जून को मुहर्रम के अवसर पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जामुड़िया थाना पुलिस ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। मंगलवार को जामुड़िया थाने में मुहर्रम आयोजन समितियों के साथ आयोजित शांति बैठक में पुलिस ने स्पष्ट कर दिया कि जुलूस में डीजे बजाने और किसी भी प्रकार के हथियार लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी।आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत जामुड़िया थाने में आयोजित इस बैठक में थाना प्रभारी सौमेंद्रनाथ सिंह ठाकुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में मुहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।














पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पिछले वर्ष लागू नियम इस बार भी प्रभावी रहेंगे। जुलूस के दौरान डीजे बजाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और किसी भी प्रकार के हथियारों का प्रदर्शन या उपयोग नहीं किया जा सकेगा।बैठक में विशेष रूप से यह भी कहा गया कि राज्य के किसी अन्य जिले या क्षेत्र में होने वाली घटनाओं को आधार बनाकर जामुड़िया क्षेत्र में किसी प्रकार की अशांति फैलाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने सभी आयोजकों से कानून का पालन करने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।मुहर्रम आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की प्रतिबद्धता जताई।


