Raniganj में दिनदहाड़े ठगी, पुरुलिया के व्यवसायी से डेढ़ लाख रुपये लेकर फरार हुए बदमाश
बंगाल मिरर, रानीगंज, पश्चिम बर्धमान :खनन नगरी रानीगंज में बाजार करने आए पुरुलिया के एक 58 वर्षीय व्यवसायी के साथ दिनदहाड़े बेहद शातिर तरीके से ठगी की घटना सामने आई है। बदमाशों ने खुद को पुलिस से जुड़ा बताकर व्यवसायी के बैग की तलाशी ली और करीब डेढ़ लाख रुपये लेकर फरार हो गए।घटना बुधवार दोपहर करीब 12:05 बजे आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के रानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीगंज बाजार के एतवारी मोड़ के पास हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। साथ ही पुलिस की विशेष निगरानी टीम को भी अलर्ट किया गया और सभी थानों को बदमाशों का हुलिया भेजा गया।














जानकारी के अनुसार, पुरुलिया जिले के काशीपुर थाना अंतर्गत तालाजुड़ी गांव निवासी 58 वर्षीय सहदेव कर रानीगंज में थोक दुकान से सामान खरीदने आए थे। वह मसाले की दुकान की ओर पैदल जा रहे थे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक उनके पास पहुंचे और बोले, “तुम्हारे बैग में गांजा है? जल्दी इधर आओ, साहब बुला रहे हैं।”इसके बाद वे सहदेव कर को सड़क के दूसरी ओर खड़ी एक बाइक के पास ले गए, जहां हेलमेट पहनकर चेहरा ढके एक व्यक्ति को पुलिस अधिकारी बताया गया। आरोप है कि बदमाशों ने उनके कंधे पर टंगे बैग की जांच शुरू की। पहले चेन खोलकर उसमें रखी कॉपी और करीब 20 हजार रुपये वापस रख दिए। फिर दूसरी चेन खोलकर उसमें रखे करीब दो लाख रुपये में से तीन बंडल, जिनमें लगभग डेढ़ लाख रुपये थे, निकाल लिए।
अचानक हुई इस पूरी घटना से व्यवसायी घबरा गए और कुछ समझ नहीं पाए। उनका कहना है कि वह कुछ समय के लिए स्तब्ध हो गए थे। इसी बीच बदमाश रुपये लेकर डालपट्टी मोड़ की ओर फरार हो गए।कुछ देर बाद उन्होंने आसपास के व्यापारियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उन्हें रानीगंज थाने जाकर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। व्यवसायी ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।पीड़ित के अनुसार, दो बदमाश काले रंग की पल्सर बाइक पर थे और बाकी दो दूसरी बाइक पर सवार थे। जिनमें से एक व्यक्ति खुद को पुलिस अधिकारी बता रहा था, जबकि हेलमेट पहने अन्य लोगों का चेहरा ढका हुआ था।दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे रानीगंज बाजार इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अब देखना होगा कि आरोपी कब तक पुलिस की गिरफ्त में आते हैं।


