बराकर नदी से अज्ञात युवक का शव बरामद, इलाके में सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
**बंगाल मिरर, बराकर, राजा बंदोपाध्यायः** आसनसोल के कुल्टी थाना क्षेत्र के बराकर स्थित मनबेड़िया घाट के पास रेलवे के फिल्टर प्लांट के निकट बराकर नदी से एक अज्ञात युवक का शव बरामद होने से बुधवार को इलाके में सनसनी फैल गई।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार दोपहर बाद स्थानीय लोगों ने बराकर नदी के बीचों-बीच एक युवक का शव फंसा हुआ देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।














सूचना मिलते ही बराकर पुलिस फांड़ी के प्रभारी अंजन रजक घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।चूंकि नदी का जिस हिस्से में शव पाया गया, वह झारखंड राज्य की सीमा में आता है, इसलिए मामले की जानकारी तुरंत मैथन ओपी पुलिस को दी गई। इसके बाद मैथन ओपी के प्रभारी अधिकारी मौके पर पहुंचे।

मैथन ओपी पुलिस ने शव को बरामद कर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृत युवक की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है। उसने आसमानी रंग की टी-शर्ट और बरमूडा पहन रखा था। हालांकि बुधवार शाम तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।पुलिस ने इस मामले में अस्वाभाविक मृत्यु (यूडी) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


