Bengal Mirror

Think Positive

Bengal Mirror
Bengal Mirror
ASANSOL

दो महीने में भी कार्यकर्ताओं की खबर नहीं ली पूर्व विधायक ने” नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के खिलाफ तृणमूल नेता के गंभीर आरोप

**बंगाल मिरर, पांडवेश्वर, राजा बंदोपाध्यायः **पश्चिम बर्धमान जिले के पांडवेश्वर की राजनीतिक हलचल एक बार फिर चर्चा में आ गई है। बहुला ग्राम पंचायत के उपप्रधान एवं तृणमूल नेता वीरबहादुर कुमार सिंह ने एक वीडियो संदेश जारी कर पूर्व विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए हैं।वीडियो संदेश में उन्होंने दावा किया कि 2026 के विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती की ओर से चुनाव परिणाम को लेकर भ्रामक प्रचार किया गया। उनका कहना है कि वह स्वयं मतगणना केंद्र में मौजूद थे और जनता के फैसले के अनुसार भाजपा उम्मीदवार जितेंद्र तिवारी विजयी हुए थे। इसके बावजूद परिणाम को लेकर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश की गई।

वीरबहादुर सिंह ने आगे आरोप लगाया कि चुनाव के बाद पिछले दो महीनों में कई तृणमूल कार्यकर्ता विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं, लेकिन पूर्व विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने एक बार भी उनकी सुध नहीं ली। उन्होंने दावा किया कि जो कार्यकर्ता पिछले पांच वर्षों से उनके लिए काम करते रहे, उनके प्रति भी उन्होंने पूरी तरह उदासीनता दिखाई है।

साथ ही उन्होंने वर्तमान भाजपा विधायक जितेंद्र तिवारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि पांडवेश्वर में इस समय सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता सुरक्षित रूप से रह रहे हैं। क्षेत्र में शांति बनाए रखने में जितेंद्र तिवारी और प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

वीडियो के अंत में वीरबहादुर सिंह ने कहा कि कोई राजनीतिक नेता कितना स्वार्थी हो सकता है, यह नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के व्यवहार से स्पष्ट हो गया है। उनके अनुसार, इस मामले में अंतिम फैसला पांडवेश्वर की जनता ही करेगी।

हालांकि, वीरबहादुर सिंह के आरोपों और टिप्पणियों पर नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।

गौरतलब है कि नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती पहले ही ममता बनर्जी के खेमे को छोड़कर ऋतब्रत बंदोपाध्याय के गुट में शामिल हो चुके हैं। इसके बाद ऋतब्रत तृणमूल कांग्रेस की ओर से उन्हें पश्चिम बर्धमान जिले का जिला अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया है।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *