जामुड़िया में निजी कारखाने में दुर्घटना से श्रमिक की मौत मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन, तनाव
**बंगाल मिरर, जामुड़िया, राजा बंदोपाध्यायः** आसनसोल के जामुड़िया औद्योगिक क्षेत्र स्थित निजी कंपनी सुपर स्मेल्टर्स में हुए एक हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई। यह दुर्घटना मंगलवार सुबह हुई। मृतक का नाम संतोष काहर था। मृतक के परिवार को मुआवजा और नौकरी देने की मांग को लेकर बुधवार को रानीगंज के जेके नगर तथा आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने कारखाने के मुख्य द्वार के सामने प्रदर्शन किया। इसको लेकर कारखाना परिसर में तनाव का माहौल बन गया। बाद में कारखाना प्रबंधन द्वारा बातचीत के जरिए मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिए जाने पर स्थिति सामान्य हुई।














जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह जामुड़िया औद्योगिक क्षेत्र स्थित इस निजी कारखाने में हुए हादसे में 45 वर्षीय संतोष काहर गंभीर रूप से झुलस गए थे। पहले उन्हें आसनसोल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में हालत बिगड़ने पर दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। वहीं मंगलवार शाम इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

मृत्यु के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि कारखाना प्रबंधन उचित मुआवजा देने में देरी कर रहा है। इसके विरोध में बुधवार सुबह से ही कारखाने के गेट पर प्रदर्शन शुरू हो गया। घटना की सूचना मिलने पर जामुड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कारखाना प्रबंधन और मृतक के परिवार के बीच कई दौर की बातचीत हुई।
अंततः बुधवार शाम सभी पक्षों के बीच हुई चर्चा में मांगों को पूरा करने का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।भाजपा के जामुड़िया विधानसभा संयोजक बृजमोहन पासवान ने बताया कि समझौते के अनुसार मृतक के परिवार को 16 लाख रुपये का मुआवजा, अंतिम संस्कार के लिए 1 लाख रुपये तथा बच्चे के भविष्य के लिए आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन कारखाना प्रबंधन की ओर से दिया गया है।


