भाजपा नेताओं पर हमला, तृणमूल समर्थकों पर लगा आरोप
बंगाल मिरर, अंडाल: राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद राजनीतिक तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच पश्चिम बर्धमान जिले के अंडाल थाना क्षेत्र के सकरा इलाके में शुक्रवार को भाजपा नेताओं पर हमले की घटना सामने आई है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि तृणमूल से जुड़े कुछ लोगों ने भाजपा कार्यकर्ता बनकर उन पर हमला किया।














जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सकरा इलाके में भाजपा की ओर से एक विजय जुलूस निकाला गया था। हालांकि भाजपा मंडल-4 के नेताओं का दावा है कि इस जुलूस की जानकारी उन्हें नहीं थी और ना ही पार्टी की ओर से इसकी कोई आधिकारिक अनुमति दी गई थी।
भाजपा मंडल-4 के मंडल अध्यक्ष राखाल चंद्र दास ने आरोप लगाया कि इलाके में पहले तृणमूल कांग्रेस का एक पार्टी कार्यालय था, जिसे हाल ही में भगवा रंग कर वहां भाजपा का झंडा लगा दिया गया। उनका कहना है कि उसी कार्यालय से कुछ युवक निकलकर आए और उन पर हमला कर दिया।
इस घटना में मंडल अध्यक्ष राखाल चंद्र दास, भाजपा युवा नेता प्रियांशु राय और अशोक बाद्यकर के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। राखाल दास ने कहा कि पूरे मामले की लिखित शिकायत अंडाल थाने में दर्ज कराई जाएगी और पार्टी के उच्च नेतृत्व को भी इसकी जानकारी दी जाएगी।
भाजपा युवा नेता प्रियांशु राय ने आरोप लगाया कि “कुछ तृणमूल समर्थक भाजपा कार्यकर्ता बनकर हमारे ऊपर हमला करने आए। हमारे साथ जमकर मारपीट की गई और नाले में फेंकने की भी कोशिश की गई।” घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

