ASANSOLDURGAPUR

दुर्गापुर में पूर्व बोरो चेयरमैन गिरफ्तार, अदालत में पेश

बंगाल मिरर, दुर्गापुर, राजा बंद्योपाध्यायःवसूली, आतंक फैलाने और मतदाताओं को प्रभावित करने के आरोप में दुर्गापुर नगर निगम के पूर्व बोरो चेयरमैन एवं पूर्व पार्षद रामप्रसाद हलदार को दुर्गापुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को उन्हें बुदबुद क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।पुलिस सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं को प्रभावित करने, स्थानीय लोगों को डराने-धमकाने, विपक्षी राजनीतिक कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट करने तथा वसूली करने के कई आरोपों के आधार पर उनके खिलाफ जांच चल रही थी। आरोप है कि चुनाव के बाद भी इस प्रकार की गतिविधियां जारी रहीं।पुलिस का दावा है कि बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाया गया।

सूचना मिली थी कि रामप्रसाद हलदार बर्दवान की ओर से बुदबुद आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।रामप्रसाद हलदार दुर्गापुर नगर निगम के वार्ड संख्या 20 के पूर्व पार्षद तथा नगर निगम की बोरो समिति संख्या 2 के निवर्तमान चेयरमैन रह चुके हैं। क्षेत्र में उनकी पहचान तृणमूल कांग्रेस के एक प्रभावशाली नेता के रूप में रही है।गिरफ्तारी के बाद उन्हें दुर्गापुर उपमंडलीय अदालत में पेश किया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मामले की विस्तृत जांच के लिए उन्हें पुलिस हिरासत में लेने की मांग अदालत से की गई है।

इस बीच अदालत परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने आरोपी के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने “चोर-चोर” के नारे लगाए और जूते-चप्पल दिखाकर विरोध जताया। उनका आरोप था कि सत्ता में रहते हुए तृणमूल कांग्रेस के इस नेता ने मनमानी की और लोगों को परेशान किया।किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए आरोपी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अदालत लाया गया। पुलिस बल के साथ-साथ केंद्रीय बलों की भी तैनाती की गई थी।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *