ASANSOL

चुनाव प्रचार में बाधा, धमकी और मारपीट के आरोप में बाराबनी के युवा तृणमूल नेता गिरफ्तार

*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंद्योपाध्यायः* आसनसोल के बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में युवा तृणमूल कांग्रेस नेता के रूप में परिचित और नूनी ग्राम पंचायत प्रधान माधव तिवारी के पुत्र वरुण तिवारी को आसनसोल नॉर्थ थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बुधवार को उन्हें हिरासत में लिया।पुलिस सूत्रों के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को चुनाव प्रचार के दौरान बाधा पहुंचाने, धमकी देने तथा मारपीट करने सहित कई आरोपों के आधार पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले की जांच के दौरान बुधवार को नूनी क्षेत्र से वरुण तिवारी को गिरफ्तार किया गया।गुरुवार को उन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया।

अदालत परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।अदालत में पेशी के दौरान वरुण तिवारी ने दावा किया कि उन्हें राजनीतिक द्वेष के तहत झूठे मामले में फंसाया गया है। उन्होंने कहा, “मैंने कोई गलत काम नहीं किया है। मेरे खिलाफ लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह निराधार हैं। मुझे कानून और न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। मुझे विश्वास है कि अदालत से मुझे न्याय मिलेगा।”इस गिरफ्तारी को लेकर बाराबनी क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। हालांकि शिकायतकर्ताओं की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अदालत के निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *