ASANSOL

हाइजैक कंटेनर मामले में कांकसा पुलिस को बड़ी सफलता, झारखंड से 1.20 करोड़ रुपये के गारमेंट्स बरामद, दो गिरफ्तार

*बंगाल मिरर, कांकसा:* आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की कांकसा थाना पुलिस ने हाइजैक किए गए एक कंटेनर के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने झारखंड से करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये मूल्य के गारमेंट्स बरामद किए हैं और इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार, हरियाणा के गुरुग्राम से एक कंटेनर में गारमेंट्स का बड़ा खेप कोलकाता भेजा जा रहा था। मई महीने के अंत में झारखंड के पाथरोल थाना क्षेत्र में कंटेनर को कथित रूप से हाइजैक कर लिया गया। इसके बाद कंटेनर में मौजूद माल को एक गोदाम में उतार दिया गया और खाली कंटेनर को दुर्गापुर के कांकसा थाना क्षेत्र स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के किनारे छोड़ दिया गया।कोलकाता की संबंधित निजी कंपनी ने 3 जून को कांकसा थाने में इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान कंटेनर चालक की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पुलिस की टीम झारखंड पहुंची और वहां से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने झारखंड के एक गोदाम से 1.20 करोड़ रुपये मूल्य के गारमेंट्स भी बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि कंटेनर चालक ने झारखंड के बरकट्ठा इलाके में एक अन्य चालक को कंटेनर को कोलकाता पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी थी, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया और कथित रूप से कंटेनर को हाइजैक कर लिया।

कोलकाता की निजी कंपनी के मालिक क्षेमराज बड़ाल ने कांकसा पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने 20 दिनों से अधिक समय तक लगातार जांच कर पूरे माल को बरामद करने में सफलता हासिल की है।कांकसा थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *