तोलाबाजी और आतंक फैलाने के आरोप में पांडवेश्वर विधानसभा से बड़ी गिरफ्तारी
दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक तृणमूल अध्यक्ष गिरफ्तार
बंगाल मिरर, दुर्गापुर, राजा बंदोपाध्याय: तोलाबाजी, आतंक फैलाने और आम लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में इस बार दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष शतद्वीप घटक को गिरफ्तार किया गया है। वह दुर्गापुर फरीदपुर के लाउदोहा इलाके के निवासी हैं। आरोप है कि उनके संरक्षण में लंबे समय से इलाके में भय का माहौल बना हुआ था। भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकाने और आम लोगों पर दबाव बनाने के आरोप भी लगातार सामने आ रहे थे।विधानसभा चुनाव के दौरान विपक्षी कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश के आरोप भी उन पर लगे थे।














स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठते रहे थे।इधर, राज्य में राजनीतिक बदलाव के बाद से ही मुख्यमंत्री Suvendu Adhikari ने राज्य पुलिस को कानून-व्यवस्था को लेकर कड़ा संदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार का राजनीतिक दबाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके बाद से ही राज्य के विभिन्न जिलों में पुलिस प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है।राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आतंक, तोलाबाजी और असामाजिक गतिविधियों के आरोप में तृणमूल के प्रधान, उपप्रधान और ब्लॉक स्तर के नेताओं की लगातार गिरफ्तारी हो रही है।
इन्हीं आरोपों के आधार पर रविवार रात फरीदपुर थाने की पुलिस ने अभियान चलाकर शतद्वीप घटक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद इलाके में भारी हलचल मच गई है। बताया गया है कि पुलिस ने आरोपी को पुलिस हिरासत की मांग के साथ सोमवार सुबह दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया।
इस बीच, थाने से निकलते समय और अदालत में प्रवेश के दौरान गिरफ्तार तृणमूल नेता ने कहा कि उन्हें वर्ष 2021 के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने दावा किया कि उस समय उनके पिता का निधन हुआ था और वह शोक में थे। उन्होंने यह भी कहा कि “राज्य में अभी क्या हो रहा है, यह सभी देख रहे हैं। नए मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस तरह की कार्रवाई की जा रही है।”वहीं, जब आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा था, तभी एक व्यक्ति ने उन्हें देखकर “चोर-चोर” के नारे लगाए। इसके बाद अदालत परिसर में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।

