सड़क दुर्घटना में युवक की मौत मुआवजे की मांग को लेकर आसनसोल में थाने के सामने परिवार का प्रदर्शन
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्यायः* आसनसोल के जीटी रोड स्थित कुमारपुर ब्रिज पर सड़क दुर्घटना में मृत बर्नपुर के ध्रुवडांगा निवासी सुमन सिंह उर्फ कुनाल के परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर रविवार को आसनसोल दक्षिण थाने के सामने प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन को लेकर थाना परिसर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति पैदा हो गई।गौरतलब है कि शनिवार दोपहर उचित मुआवजे की मांग को लेकर मृतक के परिजनों ने पहले आसनसोल जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव लेने से इनकार कर दिया था। उस समय आसनसोल दक्षिण थाने के पुलिस अधिकारियों ने परिवार को आश्वासन दिया था कि मुआवजे के मुद्दे के समाधान के लिए दो दिनों के भीतर वाहन मालिक के साथ एक बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद पोस्टमार्टम पूरा होने पर परिजन शव को अस्पताल से अपने साथ ले गए।रविवार को मुआवजे की मांग को लेकर मृतक के परिजन और क्षेत्र के निवासी एक बार फिर आसनसोल दक्षिण थाने के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे।














पुलिस ने उन्हें आश्वासन देकर स्थिति को शांत कराया।उल्लेखनीय है कि शनिवार सुबह आसनसोल के जीटी रोड पर गोपालपुर क्षेत्र स्थित कुमारपुर ब्रिज के पास तेज रफ्तार से आ रही एक पिकअप वैन ने कुनाल उर्फ सुमन सिंह और आदित्य साव की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल सुमन को आसनसोल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।वहीं, गंभीर रूप से घायल आदित्य साव का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों युवक एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत थे।स्थानीय लोगों ने मृतक के परिवार को तत्काल उचित मुआवजा देने की मांग की है।


