Damodar नदी में तीन स्कूली छात्रों की डूबने से मौत
बंगाल मिरर, नियामतपुर : कुल्टी थाना क्षेत्र स्थित डिसेरगढ़ नदी में नहाने के दौरान तीन स्कूली छात्रों की डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे नियामतपुर इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।मृतकों की पहचान अयान अख्तर (15), फैजान अंसारी (16) और तबरेज अंसारी (14) के रूप में हुई है। तीनों नियामतपुर के नूर नगर क्षेत्र के निवासी थे और एक निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पढ़ते थे।














परिजनों और सहपाठियों के अनुसार, शनिवार को स्कूल नहीं आने के कारण सोमवार को स्कूल प्रबंधन ने कुल आठ छात्रों को स्कूल में प्रवेश नहीं करने दिया। इसके बाद सभी छात्र डिसेरगढ़ नदी के किनारे स्थित मैदान में क्रिकेट खेलने चले गए। खेल के बाद अयान, फैजान और तबरेज नदी में नहाने उतरे, तभी गहरे पानी में जाने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे डूबने लगे।
साथियों ने शोर मचाकर स्थानीय लोगों को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने तीनों छात्रों को नदी से बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही कुल्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है।


