कुल्टी में परित्यक्त ईसीएल क्वार्टर से तिरपाल, समेत भारी मात्रा में सामान बरामद, भाजपा का पार्षद पर आरोप
बंगाल मिरर, कुल्टी, राजा बंदोपाध्याय :आसनसोल नगर निगम के 102 नंबर वार्ड अंतर्गत कुल्टी के राधानगर स्थित पोइडी इलाके के एक परित्यक्त ईसीएल क्वार्टर से तिरपाल, कंबल, साड़ियां, धोती, लुंगी, चूड़ीदार सहित बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया गया। बुधवार सुबह हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मामले को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है।स्थानीय भाजपा नेताओं का आरोप है कि आम लोगों के लिए आवंटित सामग्री को लंबे समय से गुप्त रूप से जमा करके रखा गया था। भाजपा ने इस मामले में तृणमूल कांग्रेस और वार्ड पार्षद की भूमिका होने का आरोप लगाया है। हालांकि, 102 नंबर वार्ड के तृणमूल कांग्रेस पार्षद सौरभ माझी ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।













भाजपा नेता एवं बीएमएस के जिला अध्यक्ष गोविंद माझी ने बताया कि बुधवार सुबह उन्हें सूचना मिली थी कि पोइडी इलाके के एक परित्यक्त ईसीएल क्वार्टर में संदिग्ध रूप से कुछ सामान रखा गया है। सूचना मिलने पर वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। बाहर से बंद क्वार्टर की खिड़की से बड़े-बड़े बोरे दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।बाद में कुल्टी थाना की नियामतपुर फांड़ी पुलिस तथा ईसीएल अधिकारियों की मौजूदगी में क्वार्टर का ताला तोड़कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में सामान बरामद हुआ।गोविंद माझी के अनुसार बरामद सामान में कंबल, तिरपाल, बच्चों के कपड़े, महिलाओं की साड़ियां तथा पुरुषों की धोती और लुंगी शामिल हैं।
उनका आरोप है कि गरीब लोगों में वितरित किए जाने के बजाय इन वस्तुओं को लंबे समय से छिपाकर रखा गया था। उन्होंने दावा किया कि सर्दी बीत जाने के बावजूद कई जरूरतमंद लोगों तक कंबल नहीं पहुंचे। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि इन सामग्रियों को कथित रूप से कहीं और भेजने की तैयारी थी और इसमें स्थानीय पार्षद की संलिप्तता हो सकती है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।वहीं, ईसीएल के सोदपुर एरिया के अधिकारी एस. अहमद ने बताया कि सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और परित्यक्त क्वार्टर से विभिन्न सामान बरामद किया।
बरामद वस्तुओं में पांच पैकेट कंबल, तिरपाल, साड़ियां, लुंगी, धोती, चूड़ीदार सहित अन्य कपड़े शामिल हैं। सभी सामान जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पुलिस को सौंप दिया गया है। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि बरामद सामग्री सरकारी है या नहीं तथा इसका वास्तविक मालिक कौन है।दूसरी ओर, भाजपा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए पार्षद सौरभ माझी ने कहा कि उन्होंने इस घटना का वीडियो देखा है, लेकिन इस मामले में उनकी कोई भूमिका नहीं है।
उन्होंने कहा कि जिस परित्यक्त ईसीएल क्वार्टर से सामान मिला है, वह उनकी निजी संपत्ति नहीं है। वहां सामान कैसे पहुंचा, किसने रखा और क्वार्टर किसके नाम आवंटित था, इसकी जांच ईसीएल और प्रशासन को करनी चाहिए। उन्होंने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।घटना के बाद पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया है। कुल्टी थाना पुलिस अब सामान के स्रोत, स्वामित्व और वहां जमा किए जाने के कारणों की जांच कर रही है।


