ASANSOL

Annapurna Yojana : पश्चिम बर्धमान में राशि वितरण प्रक्रिया, हजारों महिलाओं के खातों में पहुंचे 3000 रुपये

बंगाल मिरर, पश्चिम बर्धमान :राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी अन्नपूर्णा योजना के तहत बुधवार से पश्चिम बर्धमान जिले में लाभार्थी महिलाओं को आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू हो गई। राज्य की मुख्यमंत्री द्वारा नवान्न से योजना का शुभारंभ किए जाने के साथ ही जिले में भी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लाभार्थियों को प्रतीकात्मक प्रमाणपत्र और चेक वितरित किए गए।आसनसोल में जिला प्रशासनिक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिला शासक एस. पन्नामबलम तथा आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कई महिला लाभार्थियों को अन्नपूर्णा योजना के चेक प्रदान किए।

इस अवसर पर जिला शासक ने बताया कि जिले में योजना के लिए लगभग एक लाख आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 80 हजार पात्र महिलाओं के खातों में राशि भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कुछ लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से चेक भी प्रदान किए गए।उन्होंने बताया कि शेष आवेदनों की जांच की जा रही है। साथ ही बुधवार से अन्नपूर्णा योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। ऑनलाइन आवेदन जमा होने के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा सत्यापन कर पात्र महिलाओं के खातों में राशि हस्तांतरित की जाएगी।

वहीं, पांडवेश्वर बीडीओ कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक जितेंद्र तिवारी ने लाभुकों को प्रमाण पत्र दिया।दुर्गापुर के सृजनी ऑडिटोरियम में आयोजित एक कार्यक्रम में दुर्गापुर के दोनों विधायक लक्ष्मण चंद्र घोरुई और चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय की उपस्थिति में 100 लाभार्थी महिलाओं को प्रमाणपत्र सौंपे गए तथा उनके बैंक खातों में 3000 रुपये की सहायता राशि भेजी गई।योजना की पहली किस्त प्राप्त करने के बाद लाभार्थी महिलाओं ने खुशी जताते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपस्थित विधायकों ने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए वादों और संकल्प पत्र में घोषित योजनाओं को सरकार चरणबद्ध तरीके से लागू कर रही है तथा अन्नपूर्णा योजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।जिले भर में योजना के तहत राशि वितरण शुरू होने से लाभार्थी महिलाओं में उत्साह का माहौल देखा गया।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *