ASANSOL

पूर्वा एक्सप्रेस से 95 कछुओं के साथ युवक गिरफ्तार

बंगाल मिरर, आसनसोल: अंडाल जीआरपी ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्वा एक्सप्रेस से भारी संख्या में कछुओं को बरामद किया है। इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया।जानकारी के अनुसार, दिल्ली-हावड़ा पूर्वा एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक व्यक्ति पर जीआरपी कर्मियों को उस समय संदेह हुआ, जब वह कई बोरों के साथ संदिग्ध अवस्था में बैठा मिला। पूछताछ के दौरान उसके जवाबों पर शक होने पर पुलिस ने बोरों की तलाशी ली।तलाशी के दौरान बोरों के अंदर बड़ी संख्या में जीवित कछुए पाए गए। इसके बाद ट्रेन को रानीगंज स्टेशन पर रोककर आरोपी को उतारा गया और अंडाल जीआरपी थाना लाया गया। बोरों की गहन जांच में करीब 90 से 95 कछुए बरामद किए गए।गिरफ्तार युवक की पहचान बबी नोन के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के वाराणसी का निवासी बताया गया है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे किसी व्यक्ति ने ये बोरे हावड़ा पहुंचाने के लिए दिए थे।शनिवार को आरोपी को आसनसोल अदालत में पेश किया गया। वहीं, बरामद कछुओं की जानकारी वन विभाग को दी गई। बाद में वन विभाग और डीएफओ कार्यालय के अधिकारियों ने कछुओं को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कछुओं को कहां से लाया गया था और इन्हें कहां पहुंचाया जाना था।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *