बाराबनी में लिक्विड विस्फोटक से भरा टैंकर पलटा, बाल-बाल टली बड़ी दुर्घटना
बंगाल मिरर, बाराबनी, राजा बंदोपाध्याय : आसनसोल के बाराबनी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पानुरिया ग्राम पंचायत के मोलडांगा इलाके में शनिवार तड़के लिक्विड विस्फोटक (तरल बारूद) से भरा एक टैंकर पलट जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस की तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 5 बजे लगभग 9 टन लिक्विड विस्फोटक लेकर एक टैंकर बीरभूम से झारखंड की ओर जा रहा था। पानुरिया ग्राम पंचायत के मोलडांगा के पास सामने चल रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे टैंकर सड़क किनारे पलट गया।घटना की सूचना मिलते ही बाराबनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षित कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। बाद में क्रेन की मदद से पलटे हुए टैंकर को सीधा किया गया।इस दुर्घटना में टैंकर चालक और खलासी पूरी तरह सुरक्षित हैं तथा किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।













हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टैंकर पलटने से लगभग एक टन लिक्विड विस्फोटक नष्ट हो गया।विस्फोटक से भरे टैंकर के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर फैलते ही इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि कोई विस्फोट नहीं हुआ और न ही किसी प्रकार की जनहानि हुई।पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।


