ASANSOL

कोलकाता के तारातला फैक्ट्री हादसे में रानीगंज का श्रमिक लापता, परिवार में चिंता का माहौल !

*बंगाल मिरर, रानीगंज*: कोलकाता के तारातला इलाके में निर्माणाधीन एक फैक्ट्री में हुए हादसे के बाद रानीगंज के निवासी नवीन सिंह के लापता होने की खबर से परिवार और पूरे इलाके में चिंता का माहौल है। बताया जा रहा है कि हादसे में निर्माण सामग्री के नीचे दब जाने के बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है।जानकारी के अनुसार, नवीन सिंह रानीगंज के लाइक बाजार स्थित लाइक बांध 3 नंबर धावड़ा के निवासी हैं और एक ठेकेदार के अधीन निर्माण कार्य में मजदूरी करते थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद उनकी पत्नी नेहा देवी और 16 वर्षीय बड़े बेटे प्रिंस कुमार ने कोलकाता के लिए रवाना होकर उनकी तलाश शुरू कर दी है।परिवार के अन्य सदस्य, जिनमें सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी कोमल कुमारी और छोटा बेटा आर्यन सिंह शामिल हैं, फिलहाल रानीगंज स्थित घर पर हैं।

परिवार के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 बजे नवीन सिंह की अपनी पत्नी से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। उस दौरान उन्होंने कहा था कि वह काम में व्यस्त हैं और बाद में बात करेंगे। इसके बाद से उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया है।परिजनों ने बताया कि हादसे की खबर उन्हें दोपहर करीब 1 बजे मिली, जिसके बाद पत्नी और बड़ा बेटा उसी दिन दोपहर करीब ढाई बजे कोलकाता के लिए रवाना हो गए। परिवार को अभी तक नवीन सिंह की स्थिति के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।स्थानीय लोगों के अनुसार, नवीन सिंह किशोरावस्था से ही निर्माण कार्य से जुड़े हुए थे।

लगभग 15 दिन पहले वह घर आए थे और एक सप्ताह परिवार के साथ बिताने के बाद फिर काम पर लौट गए थे।हादसे की खबर फैलते ही पूरे इलाके में चिंता और बेचैनी का माहौल है। परिवार के सामने सबसे बड़ा सवाल अपने लापता सदस्य की सुरक्षित वापसी का है। परिजन और स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द से जल्द नवीन सिंह का पता लगाने की मांग कर रहे हैं।फिलहाल सभी की निगाहें राहत एवं बचाव कार्य पर टिकी हैं और परिवार नवीन सिंह के बारे में किसी सकारात्मक खबर का इंतजार कर रहा है।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *