दशमी की रात सालानपुर में तनाव पूर्व प्रधान के घर पर हमला करने का आरोप
*बंगाल मिरर, सालानपुर, राजा बंदोपाध्याय:* आसनसोल के सालानपुर थाना अंतर्गत रूपनारायणपुर के पीठाकियारी में बुधवार को विजयादशमी की रात अचानक तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रूपनारायणपुर ग्राम पंचायत के सदस्य और पूर्व प्रधान असीम कुमार घोष के घर पर हमला करने का आरोप लगा है।आरोप है कि बुधवार रात हमलावरों ने घर के दरवाजे और खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे और वहां खड़ी चारपहिया गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए गए। दावा किया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद को लेकर यह तनाव पैदा हुआ।













असीम घोष के बेटे अर्णब घोष ने आरोप लगाया कि स्थानीय दो युवकों, सौरभ घोष और उज्ज्वल कुमार घोष के नेतृत्व में इस हमले को अंजाम दिया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पिता पर हमला किया गया है।हालांकि, सौरभ घोष ने हमले के आरोपों को खारिज कर दिया। उनका दावा है, “दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद असीम घोष छत पर चढ़कर मोहल्ले के लोगों को अश्लील भाषा में गालियां दे रहे थे।
इससे पहले भी वह ऐसा कर चुके हैं और उन्हें मना किया गया था, लेकिन वह नहीं मानते। गाड़ी या घर में कोई तोड़फोड़ नहीं की गई है। आरोप पूरी तरह निराधार हैं। हमारे लड़कों के साथ मारपीट की गई है।”घटना की सूचना मिलने पर रूपनारायणपुर फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया। घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

