PoliticsPOLL 2021West Bengal

बंगाल में कोरोना से एक और उम्मीदवार की मौत


खरदह से तृणमूल प्रत्याशी काजल सिन्हा ने तोड़ा दम


बंगाल मिरर, राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोविड-19 महामारी से पश्चिम बंगाल में एक और उम्मीदवार की मौत हो गई है। राजधानी कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना के खरदह विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार काजल सिन्हा ने रविवार को दम तोड़ दिया है। कोलकाता के बेलियाघाटा आईडी अस्पताल में पिछले तीन दिनों से उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था जहां रविवार को उन्होंने आखिरी सांस ली।

File photo

22 अप्रैल को छठे चरण के मतदान वाले दिन खरदह विधानसभा क्षेत्र में वोटिंग हुई थी। उसी दिन वह बेलियाघाटा आईडी अस्पताल में भर्ती हुए थे और रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। आरोप लगा था कि वह पहले से ही पॉजिटिव थे लेकिन उसी हालत में चुनाव प्रचार करते रहे और लोगों के घर-घर भी घूमते रहे। रविवार सुबह 9:45 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली है। वह खरदह नगरपालिका के पूर्व प्रशासक भी थे।


सीएम ने जताया दुख


मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने काजल सिन्हा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि काजल सिन्हा के निधन की खबर से मुझे आघात लगा है। यह बहुत दुखद है। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर उन्हें इस दुख की घड़ी में हिम्मत प्रदान करें। उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में मार्च महीने के अंतिम सप्ताह से ही कोविड-19 महामारी ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया था लेकिन चुनाव आयोग मौन बना रहा और चुनावी रैलियों में भीड़ होती रही जिसमें लाखों लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं।

शनिवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक एक दिन में 14 हजार 281 लोग इस महामारी की चपेट में आए हैं जो अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है।