ASANSOL

Asansol : क्या बिहारी बाबू संग होगी भोजपुरिया सुपरस्टार की टक्कर ?

बंगाल मिरर, आसनसोल: ( Asansol Loksabha Candidate ) देश में होने वाले लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियां जोरों पर हैं। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा करने की शुरुआत भी कर दी है। सत्तारूढ़ बीजेपी ने भी अपनी पहली सूची लगभग तैयार कर ली है। सूत्रों की मानें तो एक-दो दिन में यह सूची सार्वजनिक हो सकती है। बताया जा रहा है कि आसनसोल लोकसभा सीट पर बिहारी बाबू को टक्कर देने के लिए भाजपा भोजपुरी सुपर स्टार पवन सिंह को उतारने की तैयारी में है।

भाजपा सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार पवन सिंह आसनसोल से भाजपा के उम्मीदवार हो सकते हैं। लेकिन इसके साथ ही यह सवाल उठने लगा है कि क्या आसनसोल सीट पर  पवन सिंह तृणमूल प्रत्याशी बिहारी बाबू शत्रुघ्न सिन्हा को टक्कर दे पायेंगे। वहीं अगर पवन सिंह प्रत्याशी होते हैं, तो पहले से ही कई स्थानीय भाजपा नेता जो टिकट की आशा में थे, वह क्या पूरे दिल से उनका समर्थन करेंगे। यह तो आनेवाला समय ही बतायेगा, लेकिन फिलहाल पवन सिंह के नाम की चर्चा होने से राजनीतिक हलकों में चर्चा होने लगी है कि भाजपा ने लड़ाई से पहले ही हथियार डाल दिया है, पवन सिंह भले ही भोजपुर सुपर स्टार हैं, लेकिन शिल्पांचल में बांग्लाभाषी मतदाताओं की भूमिका भी निर्णायक होगी, ऐसे में क्या वह बांग्ला वोटरों का वोट खींच पाने में सफल हो सकेंगे। वहीं भोजपुरी और बंगाल की संस्कृति के बीच तालमेल बैठाना उनके लिए मुश्किल भी हो सकता है।




  पवन सिंह की बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है और फिल्मों में उनकी एक्टिंग और सिंगिंग के साथ-साथ उनकी संपत्ति भी करोड़ों में है। आसनसोल लोकसभा सीट पर भाजपा ने 2014 और 2019 में जीत हासिल की थी। भाजपा ने इस सीट पर गायक बाबुल सुप्रियो पर दांव लगाया था। बाबुल सुप्रियो को जीत मिली थी। हालांकि, बाबुल सुप्रियो अब टीएमसी में शामिल हो गए हैं। इसके बाद जो उपचुनाव हुए थे उस चुनाव में शत्रुघ्न सिन्हा ने टीएमसी का टिकट पर जीत हासिल की थी। अब भाजपा पवन सिंह को आसनसोल से उतरने की कोशिश कर रही है।


पवन सिंह भोजपुरी के दिग्गज गायक और अभिनेता हैं। उनकी फैन फॉलोइंग भी जबरदस्त है। लेकिन पवन सिंह से जुड़ा एक किस्सा भी है। कहा जाता है कि उनका जन्म पश्चिम बंगाल में ही हुआ है। उनके पिता वहीं काम करते थे। यही कारण है कि भाजपा की ओर से पवन सिंह को आसनसोल भेजा जा सकता है। आसनसोल में भोजपुरी भाषा लोगों की तादाद भी बहुत ज्यादा है। पवन सिंह फिल्मों में एक्टिंग के जरिए खूब कमाई करते हैहैं। पवन सिंह एक फिल्म के लिए करीब 40 से 50 लाख रुपये चार्ज करते हैं, सिर्फ एक्टिंग से ही नहीं बल्कि वह गायकी से भी खूब कमाई करते हैं।

Leave a Reply