NationalSPORTS

ICC T-20 विश्व कप से जुड़े 10 महत्वपूर्ण रिकार्ड्स

बंगाल मिरर, विशेष संवाददाता :  जानिये, ICC T-20 विश्व कप से जुड़े 10 महत्वपूर्ण रिकार्ड्स बीते 17 अक्टूबर से आईसीसी टी-20 विश्वकप का आगाज हो गया है। इस बार का विश्वकप यूएई और ओमान में आयोजित हो रहा है। कुल 16 टीमें इस बार के विश्वकप में हिस्सा ले रही हैं। इस दौरान कुछ ऐसे रिकार्ड्स हैं, जो टी-20 विश्व कप के पिछले संस्करणों में बने हैं। इनमें सर्वाधिक टीम स्कोर, सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर, न्यूनतम टीम स्कोर, एक संस्करण में सर्वाधिक रन जैसे रिकॉर्ड शामिल हैं। इस बार के विश्व कप में एक तरफ जहां भारतीय ओपनर रोहित शर्मा 6 मैच खेलते ही धोनी को पछाड़कर भारत की ओर से सर्वाधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन जांएगे, तो वहीं दूसरी तरफ बांग्लादेश के ऑलराउंडर शाकिब अल हसन विश्व कप में पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी का सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।

ICC T-20

1) सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर टी-20 विश्व कप में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर बनाने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ब्रेंडन मैकुलम के नाम है। मैकुलम ने वर्ष 2012 में बांग्लादेश के खिलाफ 58 गेंदों में 11 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 123 रन बनाए थे।

2) सर्वाधिक रन (विश्व कप के इतिहास में) आईसीसी विश्वकप के इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड श्रीलंका के बल्लेबाज महेला जयवर्धने के नाम है, जिन्होंने 31 मुकाबलों में 1016 रन बनाए हैं। महेला ने इस दौरान कुल 6 अर्धशतक और 1 शतक लगाया।

3) सबसे लम्बी साझेदारी टी-20 विश्व कप में सबसे ज्यादा रनों की साझेदारी का रिकॉर्ड महेला जयवर्धने और कुमार संगकारा के नाम है, जिन्होंने वर्ष 2010 में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे विकेट के लिए 166 रन की साझेदारी की थी।

4) एक टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन आईसीसी टी-20 विश्वकप के किसी एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भारतीय कप्तान विराट कोहली के नाम है. कोहली ने वर्ष 2014 में 6 पारियों में कुल 319 रन बनाये थे।

5) सर्वाधिक शतक और सर्वाधिक छक्के ये दोनों ही रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम हैं। गेल ने टी20 वर्ल्ड कप में दो शतक जड़े हैं। इसके अलावा क्रिस गेल ने टी-20 विश्व कप के दौरान कुल 60 छक्के लगाए हैं।

6) सबसे तेज अर्धशतक और शतक सबसे तेज अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड भारतीय बल्लेबाज युवराज सिंह के नाम है, जिन्होंने वर्ष 2007 में महज 12 गेंदों में अर्धशतक बनाया था। इसके अलावा सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने वर्ष 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 48 गेंदों में शतक जमाया था।

7) सबसे ज्यादा शून्य पर आउट टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी और श्रीलंका के पूर्व सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान के नाम है। ये दोनों ही बल्लेबाज इस टूर्नामेंट में कुल 5-5 बार शून्य पर आउट हुए हैं।

8) उच्चतम टीम स्कोर आईसीसी विश्व कप में किसी टीम द्वारा बनाया गया सर्वाधिक स्कोर 260 रन है, जिसे वर्ष 2007 में श्रीलंका ने केन्या के खिलाफ बनाया था।

9) न्यूनतम टीम स्कोर ICC T-20 विश्व कप में न्यूनतम टीम स्कोर बनाने का रिकॉर्ड नीदरलैंड की टीम के नाम है, जो श्रीलंका के खिलाफ महज 39 रनों पर ही सिमट गई थी। इस मैच में श्रीलंका ने सबसे तेजी से मैच जीतने का भी रिकॉर्ड बनाया था। श्रीलंका ने यह मैच 30 गेंदों में जीतकर ‘सबसे तेज जीत का रिकॉर्ड’ बनाया था। इस मैच में सिर्फ 93 गेंदे फेंकी गई थी। इस मैच के नाम “सबसे छोटे मैच” का रिकॉर्ड भी दर्ज है।

10) ICC T-20 विकेट के पीछे सर्वाधिक शिकार विकेट के पीछे सर्वाधिक शिकार करने का रिकॉर्ड पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नाम है। धोनी ने 33 मैचों में सर्वाधिक 32 शिकार (21 कैच, 11 स्टं) किये हैं, जबकि इसके बाद दूसरे नंबर पर कामरान अकमल- 30 शिकार (12 कैच 18 स्टं) काबिज हैं।

इनपुट पीबीएनएस

Model Code Of Conduct : जानें, चुनाव से पहले लगने वाली आचार संहिता क्या है? 

Leave a Reply