ASANSOLASANSOL-BURNPUR

SAIL-ISP Burnpur के इस इलाके में बंद कर देगा बिजली, नोटिस से मचा हड़कंप

बंगाल मिरर, एस सिंह, बर्नपुर : सेल आईएसपी प्रबंधन द्वारा हीरापुर थाना क्षेत्र के बर्नपुर नरसिंहबांध इलाके में वर्षों से दी जा रही बिजली आपूर्ति को बंद करने की घोषणा कर दी है। जिसके बाद से उस अंचल के सैकड़ों परिवारों में हड़कंप मच गया है। आईएसपी  के नगर सेवा विभाग ने नोटिस जारी किया है कि नरसिंहबांध में 18 अक्टूबर 2021 से बिजली आपूर्ति हमेशा के लिए बंद कर दी जायेगी। इसलिए वह लोग वैकल्पिक व्यवस्था कर लें। इस नोटिस से वहां रहनेवाले सैकड़ों परिवार पशोपेश में पड़ गये हैं। त्यौहार के समय इस तरह का तुगलकी फरमान अचानक जारी कर दिया गया है।

नोटिस से मचा हड़कंप

वहां रहनेवालों ने बताया कि नरसिंहबांध में दशकों से तत्कालीन इस्को द्वारा बिजली  आपूर्ति की जा रही है। पहले यहां के दो प्रतिष्ठित परिवारों को बिजली दी गई थी। लेकिन 1980-85 में तत्कालीन श्रमिक नेता गोपेश्वर लाल की पहल पर सभी परिवारों को सीएसआर के तहत बिजली की व्यवस्था की गई। वर्तमान में करीब 600 घरों में बिजली की आपूर्ति की जाती है। जिसका बिल का भुगतान किया जाता है। लेकिन कुछ लोग अवैध रूप से भी बिजली चलाते है। इसमें आईएसपी के ही कुछ लोगों की मिलीभगत का आरोप है। अब आईएसपी ने यहां बिजली आपूर्ति बंद करने की घोषणा कर दी है। जिससे वहां रहनेवाले परिवार चिंता में पड़ गये है। वहीं त्यौहार के समय यह एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन सकता है। अब देखना है कि इस नोटिस के बाद राजनीतिक दलों की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।