ASANSOL

Asansol में एक ही उपमेयर ? खत्म होगी इंतजार की घड़ी

फिर किंगमेकर बनेंगे मैजिक मैन

बंगाल मिरर, आसनसोल : आसनसोल नगरनिगम ( Asansol Municipal Corporation ) मेयर बनने के ढाई महीने से अधिक बीतने के बाद भी मेयर परिषद का गठन न होने से तृणमूल कांग्रेस की साख पर बट्टा लग रहा है। वहीं इसे लेकर भाजपा निशाना साध रही है। राज्य सरकार ने यहां दो उपमेयर बनाने की घोषणा की थी। लेकिन अभी तक यह कानून नहीं बन पाया है। राज्य सरकार और तृणमूल नेतृत्व इस पचड़े से बचने के लिए फिलहाल एक ही उपमेयर बना सकती है। 


तृणमूल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मेयर परिषद को लेकर कोलकाता में सबकुछ तय हो चुका है। पहले आसनसोल में दो उपमेयर अभिजीत घटक और वसीम उल हक को बनाने की घोषणा की गई थी। लेकिन अब इन दोनों में से एक ही उपमेयर बनने जा रहा है। वहीं जो उपमेयर नहीं बनेगा उसे सांत्वना के लिए मेयर परिषद में जगह दी जा सकती है। अब देखना है कि किसके सिर उपमेयर का ताज सजता है। ज्यादा संभावना जताई जा रही है कि अनुभवी को ही जिम्मेदारी दी जा सकती है। वहीं ऐसा होता है तो फिर कानून मंत्री मलय घटक किंगमेकर साबित होंगे। 

क्योंकि आसनसोल के मेयर और चेयरमैन दोनों ही आसनसोल उत्तर विधानसभा से है। दोनों उपमेयर भी उनके विधानसभा से घोषित हुए है, अब अगर एक उपमेयर और एक एमआईसी होता है तो एक एमआइसी भी उनके विधानसभा से होगा। इस स्थिति में आसनसोल दक्षिण विधानसभा को तीन के बजाय दो ही एमआइसी मिलेगे। यहां से मानस दास और एक को एमआईसी बनाया जा सकता है। वहीं कुल्टी को दो, रानीगंज तथा जामुड़िया को एक-एक एमआइसी मिलेगा। वहीं एमआइसी और बोरो चेयरमैन में भी अनुभवी, महिला, अनुसूचित जाति या जनजाति तथा अल्पसंख्यक का समन्वय पर जोर दिया गया है। 


आसनसोल शहर में अनुभवी लोगों को ही बोरो की जिम्मेदारी देने की खबर आ रही है। बोरो तीन से उत्पल सिन्हा, चार में गुरुदास चटर्जी उर्फ राकेट तथा बोरो पांच में अनिमेष दास को चेयरमैन की जिम्मेदारी दी जा सकती है।बोरो छह का चेयरमैन मीना हांसदा को बनाये जाने की संभावना है। बोरो सात में शिवानंद बाउरी या समित माजी, बोरो आठ में इंद्राणी मिश्रा या संजय नोनिया को चेयरमैन बनाया जा सकता है। इनमें से जो चेयरमैन नहीं बनेगा उसे एमआईसी बनाया जा सकता है।

संभावना जताई जा रही है कि बहुत जल्द ही इसका आधिकारिक ऐलान हो सकता है। जामुड़िया में शेख शानदार के बोरो चेयरमैन और श्रावणी मंडल के एमएमआईसी बनने की संभावना है। रानीगंज में रूपेश यादव या दिव्येंदु भगत में से एमआईसी और आलोक बोस के चेयरमैन बनने की संभावना है।

Leave a Reply