PoliticsWest Bengal

भाजपा उम्मीदवार की हत्या मामले में भाजपा नेता गिरफ्तार

बंगाल मिरर, राज्य ब्यूरो, कोलकाता। मालदा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार गोपाल चंद्र साहा की गोली मार कर हत्या के मामले में पुलिस ने शनिवार सुबह एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपित का नाम निताई मंडल है। पुलिस ने कहा कि वह इलाके में एक भाजपा नेता के रूप में परिचित है। वह पुरातन मालदह पंचायत समिति में विपक्ष के नेता और पुरातन मालदह ब्लॉक में भाजपा ग्रामीण मंडल का अध्यक्ष है। इस बारे में भाजपा नेता जयप्रकाश मजुमदार ने आरोप लगाया कि असली अपराधियों को छुपाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि गत 18 अप्रैल की शाम, मालदा विधानसभा क्षेत्र के तहत झंटू मोड़ में पार्टी कार्यालय के सामने भाजपा उम्मीदवार गोपाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शाम को चुनाव प्रचार से घर जाते समय भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बात करते समय उन पर हमला किया गया था। घटना की जांच में जुटी मालदा थाने की पुलिस ने छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, संदिग्धों से पूछताछ के बाद घटना के पीछे मुख्य साजिशकर्ता भाजपा नेता निताई का नाम पता चला था। उसे शनिवार सुबह गिरफ्तार किया गया। भाजपा ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस समर्थित उपद्रवियों ने गोलीबारी की है। शुरू से ही, तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया कि यह घटना भाजपा के आपसी कलह के कारण ही यह घटना घटी है।

Leave a Reply