LatestNewsPolitics

जितेन्द्र तिवारी को लेकर भाजपा में असंतोष


बंगाल मिरर, राज्य ब्यूरो, कोलकाता।
जितेन्द्र तिवारी को लेकर भाजपा में असंतोष। पांडेश्वर से विधायक और आसनसोल नगर निगम के पूर्व मेयर जितेंद्र तिवारी शुभेंदु अधिकारी के साथ ही तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से इस्तीफा दे चुके हैं। खबर है कि शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मंच पर ही वह भाजपा की सदस्यता ले लेंगे। लेकिन प्रदेश भाजपा नेताओं ने जितेंद्र तिवारी को लेकर नाराजगी जाहिर करनी शुरू कर दी है । गुरुवार को ही तिवारी ने तृणमूल की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और शुभेंदु के पक्ष में बयानबाजी की थी। उसके बाद से उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज हो गयी।

Asansol News)
jitendra Tiwari
(File photo)

उसके तुरंत बाद आसनसोल से भाजपा सांसद और केंद्रीय पर्यावरण राज्य मंत्री बाबुल सुप्रियो ने फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया और जितेंद्र तिवारी के बर्ताव की आलोचना की। कुछ दिनों पहले आसनसोल में भाजपा के कार्यक्रम के दौरान बाबुल सुप्रियो पर हमले हुए थे। उनकी पीठ पर ईंट लगी थी जिससे उन्हें काफी चोट आई थी। हमले का आरोप जितेंद्र के समर्थकों पर ही लगा था। इसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है। बाबुल सुप्रियो ने कहा है कि जितेंद्र तिवारी ने हमारे लोगों को मारा है। आसनसोल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर तृणमूल के जिन नेताओं ने अत्याचार किया था वे भाजपा में ना आएं, इसकी पूरी कोशिश करूंगा।

दिलीप घोष ने भी बाबुल सुप्रियो के बयान का समर्थन किया

इस पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने भी बाबुल सुप्रियो के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यह सच है कि बाबुल को ईंट से मारा गया था। ऐसे में उनकी प्रतिक्रिया स्वाभाविक है। घोष ने कहा कि जितेंद्र ने भाजपा में शामिल होने को लेकर अभी तक संपर्क नहीं किया है। अगर वह संपर्क करते हैं तो पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व इस बारे में फैसला लेगा।

इधर भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष अग्निमित्र पॉल ने भी जितेंद्र तिवारी को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। भाजपा के प्रदेश महासचिव सायंतन बसु ने भी इसे लेकर आपत्ति दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा था कि भाजपा के जिलाध्यक्ष पर जितेंद्र ने हमले करवाए थे। इसकी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया हूं। वही फैसला लेंगे कि जितेंद्र को भाजपा में लेना है कि नहीं।

तृणमूल कांग्रेस का मुख्य नेता होने के नाते बहुत कुछ करना पड़ा

भाजपा नेताओं की इन आपत्तियों के बारे में जब प्रतिक्रिया के लिए जितेंद्र तिवारी से संपर्क साधा गया तो उन्होंने कहा कि आसनसोल में तृणमूल कांग्रेस का मुख्य नेता होने के नाते बहुत कुछ करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि बाबुल सुप्रियो के साथ मेरे संबंध अच्छे नहीं रहे हैं। बाबुल के लोगों ने मेरे खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई है। वह ठीक ही कह रहे हैं।

Leave a Reply