LatestWest Bengal

बंगाल में पुलिस के खिलाफ सड़क पर उतरी तृणमूल, शुभेन्दु के इशारे पर काम करने का आरोप


बंगाल मिरर, राज्य ब्यूरो, कोलकाता::बंगाल में पुलिस के खिलाफ सड़क पर उतरी तृणमूल, शुभेन्दु के इशारे पर काम करने का आरोप । पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के संकेत तो पहले से ही देख रहे थे। अब प्रशासन पर भी भाजपा के साथ मिलकर काम करने के आरोप खुद राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने लगाना शुरू कर दिया है।

गुरुवार को पूर्व मेदिनीपुर के नंदीग्राम में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इनका आरोप था कि पुलिस यहां से विधायक और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के इशारे पर काम कर रही है।

तृणमूल कार्यकर्ताओं का कहना है कि शुभेंदु के इशारे पर पुलिस तृणमूल कार्यकर्ताओं के घरों में घुसकर जबरदस्ती तलाशी अभियान चला रही है और लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया है।

दरअसल गत मंगलवार को नंदीग्राम में शुभेंदु की एक धार्मिक सभा थी। इसमें शामिल होने के लिए भाजपा के कई कार्यकर्ता जा रहे थे जिनकी बसों में रास्ते में ही तोड़फोड़ की गयी थी। इसका आरोप तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लगा था। इसमें भाजपा के नौ कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं जो नंदीग्राम सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती हैं। इस मामले में तृणमूल कार्यकर्ताओं के नाम पर प्राथमिकी दर्ज हुई है। उसके बाद पुलिस पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रही है।

इसे लेकर तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सब शुभेंदु इशारे पर हो रहा है। हालांकि पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि सत्तारूढ़ पार्टी का यह आरोप पूरी तरह से निराधार है। जिन लोगों ने हमले किए थे केवल उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply