SAIL ISP द्वारा की जा रही खरीदारी लघु उद्योगो के लिए एक सुनहरा अवसर- भालोटिया
बंगाल मिरर, एस सिंह, आसनसोल : SAIL ISP बर्नपुर इस्को आसनसोल इंडस्ट्रियल मैन्युफैक्चरर्स वेलफेयर एसोसिएशन एवं इंडियन काउंसिल ऑफ स्माल इंडस्ट्रीज के संयुक्त तत्वाधान में बर्नपुर के इस्को स्टील प्लांट के मैटेरियल मैनेजमेंट डिविजन के साथ एक वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन आसनसोल हिंदुस्तान रेसिडेंसी में किया गया जिसमें आसनसोल अनुमंडल के कई उद्यमियों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।














सभा को संबोधित करते हुए आसनसोल मैन्युफैक्चरर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री सुनील कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन विभिन्न उद्योगों द्वारा इस्को को माल सप्लाई करने को प्रेरित करना एवं इस्को के द्वारा खरीद करने वाले उत्पादों को समझते हुए नए उद्योगों का विकास करना है ।
इंडियन काउंसिल ऑफ स्माल इंडस्ट्रीज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री संदीप भालोटिया ने बताया कि दक्षिण बंगाल में बर्नपुर स्थित इस्को स्टील प्लांट क्षेत्र का सबसे बड़ा खरीदार है जो विभिन्न स्थानीय लघु उद्योगों द्वारा बनाए जा रहे उत्पादों को बेचने में एक बहुत बड़ा जरिया है एवं क्षेत्र के औद्योगिक विकास में इसकी एक महत्वपूर्ण भूमिका है । सभा को संबोधित करते हुए इस्को के मैटेरियल मैनेजमेंट विभाग के चीफ जनरल मैनेजर ए के मिश्रा एवं डीजीएम श्री के के केडिया ने बताया की लघु उद्योगों के लिए 15 प्रतिशत प्राइस प्रेफरेंस की व्यवस्था की गई है एवं स्थानीय उद्योगों को खरीदारी में वरीयता दी जाती है।
उन्होंने बताया की एससी एसटी वर्ग के उद्योगों एवं महिला उद्यमियों को आने वाले समय में बहुत अधिक वरीयता देने का प्रावधान है। क्योंकि आजकल ज्यादातर खरीद जेम प्रकल्प द्वारा की जा रही है इसलिए उद्यमियों द्वारा अपने उत्पादों को बेचना काफी आसान हो गया है । श्री केड़िया ने बताया कि इस्को द्वारा पंजीकृत तकरीबन 3500 उद्योगों मे 32 स्थानीय स्तर के लघु उद्योग है अतः अधिक से अधिक लघु उद्योगों को इस्को की खरीद प्रक्रिया से जोड़ने की काफी संभावनाएं है। उन्होंने विस्तार से विभाग द्वारा लघु उद्यमियों को दी जा रही विभिन्न सुविधाओं के बारे में उपस्थित लोगो से जानकारी साझा की एवं उद्यमियों को प्रेरित किया कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में स्थानीय उद्योग लगाए जाए ताकि इस्को द्वारा की जाने वाली मांग की आपूर्ति जा सके।
सभा में एसोसिएशन के सलाहकार श्री प्रेम गोयल, श्री अशोक चक्रवर्ती , श्री रवि मित्तल , श्री आनंद उपाध्याय, श्री तुषार उपाध्याय , श्री आलोक पाल, श्री सुशील गनेड़ीवाला, मनदीप सिंह लाली, श्री रवि लाल , श्री योगेश सिंह, श्री विकास खेतान सहित अच्छी संख्या में उद्यमी मौजूद रहे।

