Bengal Mirror

Think Positive

Bengal Mirror
Bengal Mirror
ASANSOLPANDESWAR-ANDAL

अंडाल में सनसनी कोलियरी में घुसकर हथियारबंद बदमाशों ने रुपये और मोबाइल लूटे, मारपीट का आरोप, CCTV फुटेज वायरल

*बंगाल मिरर, अंडाल, राजा बंदोपाध्याय:* हथियारों के बल पर कोलियरी के सुरक्षा गार्डों को बंधक बनाकर लूटपाट की घटना सामने आई है। रात में ड्यूटी पर तैनात हाजिरी बाबू, बत्ती बाबू और कोलियरी के तीन सुरक्षा गार्डों के साथ मारपीट कर बदमाशों ने उनसे नकदी और मोबाइल फोन छीन लिए। घटना के बाद खदान श्रमिकों में दहशत का माहौल है। यह घटना शनिवार रात अंडाल थाना क्षेत्र के ईसीएल की पड़ाशकोल ईस्ट कोलियरी में हुई।घटना का एक CCTV फुटेज भी वायरल हुआ है, जिसमें बदमाशों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं।

इस संबंध में कोलियरी के बीएमएस नेता तथा खदान श्रमिक भगवान दास ने कहा कि करीब 34 वर्षों के बाद कोलियरी में इस तरह की चोरी की घटना हुई है। घटना के बाद श्रमिकों में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि यदि रात की ड्यूटी के दौरान खदान श्रमिकों की सुरक्षा ही नहीं होगी, तो वे किस भरोसे पर ड्यूटी करने आएंगे। इस घटना को लेकर ईसीएल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

वहीं, ईसीएल की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाली सीआईएसएफ इस दौरान क्या कर रही थी, इसे लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।शनिवार रात ड्यूटी पर मौजूद खदान श्रमिक राजीव महतो ने बताया कि वह ड्यूटी कर रहे थे। अचानक हथियारों से लैस कई बदमाश उनके पास पहुंचे। उन्होंने तलवार दिखाकर मोबाइल फोन और नकदी छीन ली। कोलियरी के टेलीफोन में भी तोड़फोड़ की गई।बताया जा रहा है कि बदमाशों का दल कोलियरी में तांबे के केबल चोरी करने के लिए आया था।

इसका विरोध करने पर उन्होंने सुरक्षा गार्डों को एक कमरे में बंद कर उनके साथ मारपीट की और उनके मोबाइल, एटीएम कार्ड तथा रुपये-पैसे छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद अंडाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची।घटना के बाद रात में काम करने वाले श्रमिक सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इसी तरह हथियारबंद बदमाशों ने काजोड़ा इलाके में ईसीएल के कई आवासों में लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। अंडाल थाना पुलिस ने कुछ ही दिनों के भीतर उन घटनाओं में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लेकिन एक सप्ताह बीतते ही फिर चोरी की घटना सामने आने से पुलिस प्रशासन की परेशानी बढ़ गई है।पुलिस ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। CCTV फुटेज की जांच कर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *