कुल्टी में बहुमंजिला इमारत के पार्किंग लॉट में देर रात आग, पुलिस की तत्परता से बड़ी दुर्घटना से बचे निवासी
*बंगाल मिरर, कुल्टी, राजा बंदोपाध्याय:* पुलिस की तत्परता से आसनसोल के कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर स्थित एक बहुमंजिला आवासीय इमारत के निवासी बड़े अग्निकांड की चपेट में आने से बच गए। शनिवार देर रात नियामतपुर फांड़ी के पीछे स्थित बहुमंजिला आवासीय इमारत के पार्किंग लॉट से अचानक धुआं निकलता हुआ नियामतपुर फांड़ी के पुलिसकर्मियों ने देखा। मामला सामने आते ही पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और कार्रवाई शुरू की।स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने आनन-फानन में आवासीय इमारत के सभी निवासियों को नींद से जगाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।













साथ ही दमकल विभाग को भी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।हालांकि आग की तीव्रता के कारण आवासीय इमारत के पार्किंग में खड़ी पांच मोटरसाइकिल और स्कूटी तथा एक चारपहिया वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गए। घटना के बाद इमारत के निवासियों में काफी दहशत फैल गई।दमकल विभाग के एक अधिकारी ने प्रारंभिक तौर पर बताया कि संभवतः शॉर्ट सर्किट या किसी वाहन से आग लगने की शुरुआत हुई हो सकती है।
हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।वहीं, दमकल अधिकारी के अनुसार, उक्त बहुमंजिला आवासीय इमारत में किसी भी तरह की अग्निशमन व्यवस्था मौजूद नहीं थी। इमारत के निवासियों ने भी स्वीकार किया कि वहां कोई अग्निशमन व्यवस्था नहीं थी।स्वाभाविक रूप से बहुमंजिला आवासीय इमारत में अग्निशमन व्यवस्था नहीं होने को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
माना जा रहा है कि पुलिस की तत्परता और समय रहते निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिए जाने के कारण बड़ी दुर्घटना को टाला जा सका।इस संबंध में पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी (डीएम) एस. पोन्नाबलम ने रविवार सुबह कहा कि उक्त आवासीय इमारत के संबंध में पुलिस और दमकल विभाग से रिपोर्ट ली जाएगी। इसके बाद आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

