सेवा सेतु के अंतिम दिन कुल्टी के शिविर में जिलाधिकारी, अन्नपूर्णा योजना की शिकायतों की जांच का आश्वासन
*बंगाल मिरर, कुल्टी, राजा बंदोपाध्याय:* सेवा सेतु अभियान के अंतिम दिन रविवार को पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी या डीएम एस पोन्नाबलम ने आसनसोल नगर निगम के कुल्टी बोरो कार्यालय में आयोजित शिविर का निरीक्षण किया। शिविर में सरकारी सेवाएं प्रदान करने के कार्यों का जायजा लेने के साथ ही अन्नपूर्णा योजना का लाभ नहीं मिलने वाले लाभार्थियों की शिकायतों को जल्द संबंधित विभाग तक पहुंचाने का आश्वासन उन्होंने दिया।जिलाधिकारी ने कहा कि 2 अक्टूबर से शुरू हुए सेवा सेतु अभियान के तहत पश्चिम बर्धमान जिले में कुल 50 शिविरों का आयोजन किया गया है।













आसनसोल महकमा क्षेत्र में करीब 25 शिविरों के माध्यम से 18 सरकारी विभागों की विभिन्न सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। आयुष्मान भारत, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना, विधवा पेंशन, प्रधानमंत्री सूर्यघर, कृषि एवं एमएसएमई विभाग की विभिन्न योजनाओं सहित कई सेवाओं के लिए आवेदन स्वीकार किए गए हैं।उन्होंने आगे कहा कि अन्नपूर्णा योजना से संबंधित शिकायतों पर विशेष ध्यान दिया गया है। आवेदन करने के बावजूद जिन लोगों को अब तक यह भत्ता नहीं मिला है या जिन्हें ऑनलाइन आवेदन की कोई जानकारी दिखाई नहीं दे रही है,
उनकी शिकायतें अलग से दर्ज की जा रही हैं। आवेदकों की समस्या के प्रकार के अनुसार सूची तैयार कर उसे संबंधित विभाग को भेजा जाएगा।जिलाधिकारी ने कहा कि शिविर में जमा हुए सभी आवेदनों और शिकायतों को जल्द प्रक्रिया में लेकर संबंधित विभागों तक भेजने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन की इस पहल से सरकारी योजनाओं का लाभ पाने में आम लोगों को हो रही समस्याओं का समाधान होगा।

