मतदान के बाद अशांति पर प्रशासन सख्त, 200 गिरफ्तार
बंगाल मिरर, आसनसोल । मतदान के बाद पश्चिम बर्दवान जिले के विभिन्न इलाकों से अशांति की खबरें सामने आ रही हैं। इसी क्रम में आज जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया।इस दौरान पश्चिम बर्दवान के जिला शासक एस. पोन्नबलम और आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार ने स्थिति की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है और चुनाव के बाद भी माहौल को शांत बनाए रखने के लिए चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जा रहा है।जिला शासक ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी प्रकार की अशांति या अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि हुड़दंग या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।














वहीं, पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार ने बताया कि अब तक अशांति फैलाने के आरोप में 200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल का कार्यालय हो या सरकारी संस्थान, किसी भी स्थान की पूर्व स्थिति को बदलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।उन्होंने आगे कहा कि यदि कोई व्यक्ति या समूह इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

