ASANSOLPANDESWAR-ANDAL

पांडवेश्वर ट्रैफिक गार्ड पुलिस ने टोटो और ऑटो चालकों के साथ चलाया जागरूकता कार्यक्रम

*बंगाल मिरर, पांडवेश्वर, राजा बंदोपाध्यायः* राज्य परिवहन विभाग की पहल पर आयोजित सड़क सुरक्षा सप्ताह के पांचवें दिन शुक्रवार को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पांडवेश्वर ट्रैफिक गार्ड पुलिस की ओर से पांडवेश्वर के फूलबागान मोड़ पर टोटो और ऑटो चालकों को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पांडवेश्वर ट्रैफिक गार्ड के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल परिवहन विभाग की पहल पर आयोजित “पथ सुरक्षा सप्ताह 2026” की शुरुआत 3 अगस्त से हुई है, जो आगामी 9 अगस्त तक चलेगा। शुक्रवार को इस कार्यक्रम का पांचवां दिन था।

पिछले कुछ दिनों में पांडवेश्वर ट्रैफिक गार्ड की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।कार्यक्रम के चौथे दिन यानी गुरुवार को पांडवेश्वर के डालूरबांध कोलियरी प्राथमिक विद्यालय में स्कूली छात्रों के लिए एक क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न सवाल पूछे गए थे। सही जवाब देने वाले छात्रों को एक-एक पेन देकर सम्मानित किया गया था।

वहीं, शुक्रवार को पांडवेश्वर के फूलबागान मोड़ पर सभी टोटो और ऑटो चालकों को लेकर पांडवेश्वर ट्रैफिक गार्ड पुलिस की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस दौरान ट्रैफिक अधिकारियों ने टोटो और ऑटो चालकों को स्पष्ट संदेश दिया कि स्कूली छात्र-छात्राओं को पुलकार (स्कूल वाहन) के रूप में ले जाने के लिए टोटो और ऑटो का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।

इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोटो चलाने पर भी रोक की जानकारी दी गई।अधिकारियों ने यह भी कहा कि टोटो और ऑटो तीन पहिया वाहन हैं, इसलिए इन वाहनों का संतुलन अपेक्षाकृत कम होता है। चालक की थोड़ी सी लापरवाही भी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए यात्रियों को लेकर टोटो या ऑटो चलाते समय रैश ड्राइविंग नहीं करने का निर्देश चालकों को दिया गया।

सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पांडवेश्वर ट्रैफिक गार्ड की ओर से आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम की स्थानीय लोगों ने सराहना की।दूसरी ओर, ट्रैफिक गार्ड की ओर से बताया गया कि आने वाले दिनों में इलाके में बेहतर परिवहन व्यवस्था विकसित करने और राहगीरों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी रखे जाएंगे।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *