JSSC पेपर लीक कांड में Asansol कनेक्शन !
बंगाल मिरर, आसनसोल : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग यानी JSSC की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा के पेपर लीक मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, इसका कनेक्शन आसनसोल से भी जुड़ता नजर आ रहा है। सीआईडी की जांच में सामने आया है कि पेपर लीक मामले में गिरफ्तार एजेंट दिलीप कुमार पासवान ने आसनसोल के एक होटल में चार से पांच अभ्यर्थियों को परीक्षा के प्रश्न और उनके उत्तर रटवाए थे।









बताया जा रहा है कि ये सभी अभ्यर्थी बाद में परीक्षा में सफल हुए।बिहार के जमुई जिले के खैरा निवासी दिलीप वर्तमान में पश्चिम बंगाल के केंदा इलाके में रह रहा था। सीआईडी ने उसे शनिवार को तीन दिनों की रिमांड पर लिया है। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि दिलीप को लीक हुआ प्रश्नपत्र किसके जरिए मिला था और उसने कितने अभ्यर्थियों से कितनी रकम वसूली थी। साथ ही, वसूली गई रकम किन लोगों तक पहुंचाई गई, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।




इसी मामले में सीआईडी ने शनिवार को 20 सफल अभ्यर्थियों के बयान दर्ज किए। अब तक 500 से अधिक सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ की जा चुकी है। जांच एजेंसी पेपर लीक सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है और ठोस साक्ष्य मिलने के आधार पर आगे कार्रवाई की जा रही है।

