Wednesday, October 7, 2026
Latest:

Bengal Mirror

Think Positive

Bengal Mirror
Wednesday, October 7, 2026
Latest:
Bengal Mirror
ASANSOL

आसनसोल जिला अस्पताल में मरीजों को दिया जाने वाला खाना खाया भाजपा विधायक ने कैंटीन का किया निरीक्षण

*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:* आसनसोल जिला अस्पताल में मरीजों के लिए खाना तैयार करने वाली रसोई या कैंटीन का निरीक्षण आसनसोल उत्तर के भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय ने किया। सिर्फ निरीक्षण ही नहीं, बल्कि अस्पताल में मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता सही है या नहीं, यह सीधे तौर पर जांचने के लिए उन्होंने रसोई में बैठकर वही खाना खाया। इसके अलावा अस्पताल में मरीजों के परिजन आने पर जिस कैंटीन में भोजन करते हैं, उसका भी आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय ने निरीक्षण किया।शुक्रवार को भाजपा विधायक अचानक सरप्राइज विजिट के लिए जिला अस्पताल पहुंचे।

इस दिन सबसे पहले वह मरीजों के लिए खाना तैयार करने वाली निर्धारित रसोई में पहुंचे। मौके पर निरीक्षण करने के बाद उन्होंने वहां जिम्मेदारी संभालने वाली एजेंसी के कर्मचारियों से बातचीत कर यह जानकारी ली कि मरीजों को प्रतिदिन सुबह, दोपहर और रात में कौन-कौन से भोजन दिए जाते हैं।इसके बाद उन्होंने मरीजों के परिजनों के लिए भोजन उपलब्ध कराने वाली कैंटीन का भी निरीक्षण किया।

वहां भोजन ढका हुआ नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। कैंटीन में जिम्मेदार कर्मचारियों को उन्होंने तुरंत भोजन ढककर रखने का निर्देश दिया।निरीक्षण के बाद विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय ने कहा, “मरीजों की कैंटीन में सब कुछ ठीक है। जो खाना मरीजों को दिया जाता है, वह मैंने खुद खाया। देखा कि खाना ठीक है। लेकिन मरीजों के परिजनों वाली कैंटीन में भोजन खुले में रखा हुआ था। उन खाद्य पदार्थों को ढककर रखने की सलाह दी गई है। मैंने कहा है कि यहां बहुत से जीवाणु होते हैं, जिससे लोगों को नुकसान हो सकता है। इसलिए सभी खाद्य पदार्थों को ढककर रखना होगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *