ASANSOL

Asansol Bus Strike : रेलवे स्टेशन पर बस ठहराव को लेकर विवाद, विधायक से मिले बस मालिक एवं परिवहन कर्मी

बंगाल मिरर, आसनसोल: आसनसोल रेलवे स्टेशन और बर्नपुर के बीच चलने वाली मिनी बस और बड़ी बसों का परिचालन आज से बंद कर दिया गया। बस मालिक, चालक और खलासी इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर आसनसोल के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी से मिलने पहुंचे। इस दौरान कल्याण दासगुप्ता दीपक गुप्ता प्रदीप सिंह अजय यादव आदि उपस्थित थे।

बस मालिकों और कर्मचारियों का कहना है कि वे वर्षों से आसनसोल रेलवे स्टेशन तक बसों का परिचालन करते आ रहे हैं। उनका आरोप है कि अब रेलवे स्टेशन परिसर में बसों को खड़ा करने के लिए प्रति बस प्रति माह करीब 6,000 रुपये की मांग की जा रही है, जिसे वहन करना उनके लिए मुश्किल है।

बस कर्मियों का यह भी कहना है कि रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद बस को वहां कुछ देर रुकने नहीं दिया जाता। रुकने पर कथित तौर पर प्रति ट्रिप 50 रुपये लिए जाने की बात सामने आई है। उनका कहना है कि पहले स्टेशन पर बसों को कुछ समय के लिए रुकने की सुविधा मिलती थी और वहां बस स्टैंड भी मौजूद है, लेकिन अब उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बस चालकों ने आरोप लगाया कि अगर वे आसनसोल रेलवे स्टेशन के बजाय 13 नंबर मोड़ के आसपास बस रोकते हैं, तो आरपीएफ के अधिकारी उन्हें वहां से हटा देते हैं। वहीं, कुछ बस कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की घटनाओं का भी आरोप लगाया गया है।

बस मालिकों का कहना है कि पहले से ही बड़ी संख्या में टोटो और ऑटो चलने के कारण बसों की आमदनी प्रभावित हुई है। ऐसे में प्रति ट्रिप अतिरिक्त 50 रुपये या प्रति बस 6,000 रुपये मासिक शुल्क देना उनके लिए आर्थिक रूप से मुश्किल है।

समस्या को लेकर बस मालिक, चालक और खलासी विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी से मिले। उनकी शिकायत सुनने के बाद विधायक ने कहा कि आसनसोल रेलवे स्टेशन पर बसों का होना आम यात्रियों के हित में बेहद जरूरी है, क्योंकि इससे यात्रियों को आने-जाने में सुविधा मिलती है।

विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रेलवे अधिकारियों से फोन पर बातचीत की और स्टेशन पर बसों की पार्किंग तथा पार्किंग टेंडर से संबंधित जानकारी ली। विधायक ने बस मालिकों से अपनी समस्याओं को लिखित रूप में देने को कहा और आश्वासन दिया कि वह इस मामले को देखेंगे तथा समस्या के समाधान का प्रयास करेंगे।

फिलहाल बस मालिकों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक बर्नपुर बस स्टैंड से आसनसोल रेलवे स्टेशन जाने वाली बसों का परिचालन बंद रहेगा। इससे आम यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

News Editor

Mr. Chandan | Senior News Editor Profile Mr. Chandan is a highly respected and seasoned Senior News Editor who brings over two decades (20+ years) of distinguished experience in the print media industry to the Bengal Mirror team. His extensive expertise is instrumental in upholding our commitment to quality, accuracy, and the #ThinkPositive journalistic standard.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *