सालानपुर में ट्रक-बाइक की टक्कर में 1 की मौत, 2 घायल
*बंगाल मिरर, सालानपुर व आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:*. चित्तरंजन-आसनसोल रोड पर सालानपुर और जेमारी मोड़ के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। तेज रफ्तार ट्रक और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। बाइक पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बुधवार दोपहर आसनसोल जिला अस्पताल में मृत युवक के शव का पोस्टमार्टम किया गया। घायलों में से एक का इलाज आसनसोल जिला अस्पताल और दूसरे का दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।













पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार रात एक मोटरसाइकिल पर तीन लोग चित्तरंजन रेल रोड से जा रहे थे। सालानपुर थाना क्षेत्र के जेमारी मोड़ के पास उनकी बाइक की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर जा गिरे। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही सालानपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य चलाते हुए गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को आसनसोल जिला अस्पताल पहुंचाया।
वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल दोनों घायल बाइक सवारों की हालत भी बेहद गंभीर बताई जा रही है।दुर्घटना के बाद सालानपुर थाना पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। हालांकि मौका देखकर ट्रक का चालक और खलासी घटनास्थल से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

