ASANSOL

गांधी जयंती पर राष्ट्रपिता को आसनसोल नगर निगम की श्रद्धांजलि, स्वच्छता की शपथ

*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्यायः* गांधी जयंती के अवसर पर गुरुवार को आसनसोल नगर निगम की पहल पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर आसनसोल कोर्ट के समीप घड़ी मोड़ स्थित गांधी प्रतिमा के पास आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा समेत अन्य अधिकारी और सफाईकर्मी उपस्थित थे। महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।इस मौके पर कमिश्नर दिलीप मिश्रा ने कहा कि महात्मा गांधी के आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उनकी स्वच्छता की सोच केवल व्यक्तिगत साफ-सफाई तक सीमित नहीं थी, बल्कि उन्होंने जीवनशैली और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने पर भी जोर दिया था।

उन्होंने गांधीजी के आदर्शों का पालन करते हुए शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए शहरवासियों से अपील की।दिलीप मिश्रा ने आगे कहा कि शहर को स्वच्छ रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने के साथ-साथ नगर निगम के स्वच्छता अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया।

वहीं, गांधी जयंती के अवसर पर नगर निगम के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जनकल्याण शिविर भी शुरू किया गया है। यह शिविर 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर तक चलेगा। इसके माध्यम से आम लोगों तक विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाने की पहल की गई है। इसके साथ ही पूरे शहर में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।आसनसोल नगर निगम की ओर से बताया गया कि गांधी जयंती के अवसर पर एक ओर जहां नागरिकों के बीच स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाने की पहल की गई है, वहीं जनकल्याणकारी सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *