रानीगंज में ट्रांसफॉर्मर से टकराया रुई से लदा वाहन, धू-धू कर जल उठा!
*बंगाल मिरर, चरण मुखर्जी, रानीगंज:* तड़के सुबह कोयला नगरी रानीगंज के तारबांग्ला और टिकियापाड़ा इलाके में एक ट्रांसफॉर्मर से टकराने के बाद रुई से लदे वाहन में आग लग गई। आग बुझाने के लिए दमकल की एक गाड़ी लगातार प्रयास कर रही है।स्थानीय लोगों के अनुसार, वाहन में रुई लादकर हावड़ा से रानीगंज लाया जा रहा था। काली पूजा के दौरान दीपक की बत्ती और अन्य उपयोगों के लिए यह रुई लाई जा रही थी। इसी दौरान तारबांग्ला इलाके में रुई से लदा वाहन एक ट्रांसफॉर्मर से टकरा गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई। इस घटना से इलाके में काफी हलचल मच गई है।वाहन के अंदर रुई की परतों तक आग पहुंच जाने के कारण अभी तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है।













एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है। दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंचकर लगातार आग बुझाने का प्रयास कर रही है।जानकारी के अनुसार, हावड़ा के सालकिया से रुई लादकर रानीगंज के व्यवसायी संजीवन सरवर के पास इसे लाया जा रहा था। इस रुई का इस्तेमाल तकिए और गद्दे बनाने के साथ-साथ काली पूजा से पहले दीपक की बत्तियां तैयार करने के लिए किया जाना था। तारबांग्ला में ही उनकी दुकान है, जहां रुई पहुंचाई जा रही थी। इसी दौरान आग लगने की घटना से सभी लोग हतप्रभ रह गए।
फिलहाल दमकल की एक के बाद एक गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच रही हैं और आग बुझाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। रानीगंज थाने जाने वाले मार्ग पर घनी आबादी के बीच मस्जिद के पास लगी इस भीषण आग से स्थानीय लोगों में अब भी दहशत बनी हुई है।दमकलकर्मी रुई को अलग-अलग हिस्सों में हटाकर उसमें लगी आग को बुझाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। तड़के सुबह घटना होने के कारण कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई है। फिलहाल सड़क पर यातायात का दबाव भी नहीं है, जिससे दमकल विभाग आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटा हुआ है।
