झारखंड से आ रहे अवैध कोयले से लदे ट्रक का पुलिस ने किया पीछा, आसनसोल में बैंक की इमारत से टकराया, चालक फरार
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:* झारखंड से कोयले से लदे एक ट्रक को लेकर रविवार सुबह इलाके में हलचल मच गई। आरोप है कि ट्रक में अवैध रूप से कोयले का परिवहन किया जा रहा था। कुल्टी थाना क्षेत्र के बराकर स्थित डुबुरडीही चेकपोस्ट पर पुलिस ने ट्रक को रोकने की कोशिश की। लेकिन चालक ट्रक लेकर भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने ट्रक का पीछा किया।पुलिस के पीछा करने पर ट्रक आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 पर स्थित जुबली इलाके के बैंक मोड़ पर पहुंचा। वहां नियंत्रण खोने के कारण ट्रक एक पुराने बैंक भवन से टकरा गया।











बताया जा रहा है कि घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र की कन्यापुर चौकी को सौंप दिया है।दूसरी ओर, स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि रात के अंधेरे में कोयले से लदे ट्रकों को पांचगछिया और जुबली मोड़ इलाके से होते हुए दुर्गापुर और कोलकाता की ओर ले जाया जाता है।
इस आरोप को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि यदि कोयले का परिवहन अवैध रूप से किया जा रहा है, तो इसे रोकने के लिए पुलिस प्रशासन क्या कदम उठा रहा है?पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए ट्रक का चालक फरार है। उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


