Asansol में गरजे ‘बुलडोजर बाबा’, TMC पर तीखा हमला—UP मॉडल से बदलाव का दावा
बाराबनी में BJP के समर्थन में योगी आदित्यनाथ की रैली, ‘डबल इंजन सरकार’ का दिया नारा











बंगाल मिरर, आसनसोल:-पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबनी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेसपर जोरदार हमला बोला।बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में सालानपुर ब्लॉक के आछरा यज्ञेश्वर स्कूल मैदान में आयोजित इस रैली में योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी उम्मीदवार अरिजीत रॉय के समर्थन में वोट की अपील की।अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में बंगाल “पहचान के संकट” से गुजर रहा है।



उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में टेरर, माफिया राज और “कट मनी व करप्शन” का बोलबाला है।उन्होंने कहा कि सैंड माफिया, कोल माफिया और लैंड माफिया जैसे संगठित गिरोहों ने आम जनता, खासकर युवाओं और महिलाओं के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है।योगी ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा भेजा गया पैसा जनता तक पहुंचने के बजाय बीच में ही “हजम” कर लिया जाता है।योगी आदित्यनाथ ने बंगाल की मौजूदा स्थिति की तुलना 9 साल पहले के उत्तर प्रदेश से करते हुए कहा कि उस समय वहां भी दंगे, अपराध और अराजकता चरम पर थी।उन्होंने दावा किया कि बीजेपी की सरकार बनने के बाद उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ है और अब वहां त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जाते हैं, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है और माफिया पर लगाम लगी है।
रैली में योगी ने “डबल इंजन की सरकार” को ही बंगाल की समस्याओं का एकमात्र समाधान बताया।उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि टीएमसी के “गुंडों और माफिया” से डरने की जरूरत नहीं है और बीजेपी की सरकार बनने पर यही लोग जनता की सेवा करते नजर आएंगे।योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में कानून-व्यवस्था और धार्मिक आयोजनों का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अब बिना बाधा त्योहार मनाए जाते हैं और अराजकता खत्म हो चुकी है।उन्होंने बंगाल में गौ-तस्करी और त्योहारों से पहले होने वाले उपद्रवों का भी मुद्दा उठाया।
सभा के अंत में योगी आदित्यनाथ ने बाराबनी से बीजेपी प्रत्याशी अरिजीत रॉय को “जुझारू कार्यकर्ता” बताते हुए उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।उन्होंने कहा कि बंगाल के उज्जवल भविष्य, सुरक्षा और विकास की “गारंटी” केवल बीजेपी ही दे सकती है।

