Asansol से अतिक्रमण हटाने में मेयर क्यों कर रहे हैं देर : झा
बंगाल मिरर, आसनसोल: आसनसोल में अतिक्रमण हटाने को लेकर जनता की बढ़ती नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है। शहर के विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक वर्गों के लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। आसनसोल चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के सचिव शंभू नाथ झा का कहना है कि अब तक यह सुनने को मिलता रहा कि मेयर अतिक्रमण हटाना चाहते थे, लेकिन मंत्री स्तर से विरोध होने के कारण कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। अब जबकि ऐसी कोई बाधा नहीं है, तो फिर देरी किस बात की हो रही है।











शहरवासियों ने मांग की है कि आसनसोल के मुख्य फुटपाथों को व्यवस्थित किया जाए तथा हटन रोड, बस्तीन बाजार, पक्का बाजार सहित अन्य प्रमुख इलाकों से अवैध अतिक्रमण जल्द हटाया जाए। लोगों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़कें संकरी हो गई हैं, फुटपाथों पर चलना मुश्किल हो गया है और आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जहां जनसुविधा की बात हो, वहां कुछ लोगों के स्वार्थ को प्राथमिकता नहीं दी जा सकती। आसनसोल की जनता अब और इंतजार करने के मूड में नहीं है और जल्द कार्रवाई चाहती है।साथ ही प्रशासन को यह संदेश भी दिया गया है कि यदि अतिक्रमण हटाने के अभियान में किसी प्रकार के जनसहयोग की आवश्यकता हो तो नागरिक हमेशा साथ खड़े रहेंगे। वहीं लोगों ने यह भी कहा कि अगर प्रशासन अतिक्रमण हटाने में सक्षम नहीं है, तो उसे भी खुले मंच से जनता के सामने स्पष्ट रूप से घोषित किया जाए।

