SAIL ISP Bulldozer चला Ashok Rudra के कार्यालय पर
बंगाल मिरर, एस सिंह, बर्नपुर: सेल-आईएसपी (इस्को) प्रबंधन ने शनिवार को बार्नपुर स्टेशन के निकट अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाते हुए आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 78 के तृणमूल कांग्रेस पार्षद अशोक रुद्र के कार्यालय को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से इलाके में काफी हलचल मच गई। इसके साथ ही सेल की जमीन पर बने कई तृणमूल कांग्रेस पार्टी कार्यालयों और क्लब घरों पर भी बुलडोजर चलाया गया।














सेल अधिकारियों का कहना है कि संबंधित कार्यालय और क्लब भवन सेल की भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए थे। कई बार नोटिस और चेतावनी देने के बावजूद कब्जाधारकों ने जगह खाली नहीं की, जिसके बाद प्रशासनिक कार्रवाई की गई।सेल के एक अधिकारी ने बताया कि यह कोई अचानक की गई कार्रवाई नहीं थी। पहले नोटिस देकर संबंधित लोगों को अपने सामान हटाने और स्थल खाली करने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था। निर्देशों का पालन नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।उन्होंने कहा कि भविष्य की विकास परियोजनाओं और आम जनता के हित में जमीन को अतिक्रमण मुक्त करना आवश्यक हो गया था।
उन्होंने संकेत दिया कि खाली कराई गई जमीन पर विकास संबंधी बुनियादी ढांचे के निर्माण की योजना है।अधिकारी ने अभियान को सफल बनाने में पुलिस की भूमिका की भी सराहना की। उनका कहना था कि पुलिस के पूर्ण सहयोग के कारण कार्रवाई प्रभावी ढंग से पूरी की जा सकी। उन्होंने बताया कि पहले भी अतिक्रमण हटाने के प्रयास हुए थे, लेकिन इस बार प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला।प्रशासन का दावा है कि पूरी कार्रवाई कानून के दायरे में रहकर की गई है और भविष्य में भी अवैध कब्जों के खिलाफ इसी तरह अभियान जारी रहेगा।इस मामले में तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। वहीं भाजपा नेताओं का कहना है कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान सेल-आईएसपी को पर्याप्त सहयोग नहीं मिलने के कारण ऐसी कार्रवाई संभव नहीं हो पा रही थी। भाजपा का दावा है कि अब अवैध कब्जों को हटाकर क्षेत्र के विकास और औद्योगिक परियोजनाओं के लिए जमीन उपलब्ध कराई जा रही है।

