कुल्टी बोरो कार्यालय में भाजपा विधायक का सम्मान, विकास कार्यों को लेकर दिए अहम निर्देश
बंगाल मिरर, कुल्टी, राजा बंदोपाध्याय : आसनसोल नगर निगम के कुल्टी बरो कार्यालय में सोमवार को कुल्टी के भाजपा विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर बरो कार्यालय के इंजीनियर, अधिकारी एवं कर्मचारियों ने विधायक का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम में भाजपा पार्षद लालन मेहरा, इंद्राणी आचार्य, अमित तुलसियान समेत कुल्टी के चारों मंडलों के भाजपा अध्यक्ष और कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।कार्यक्रम के दौरान सौजन्य मुलाकात के साथ-साथ क्षेत्र के विभिन्न विकासात्मक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।














इस मौके पर विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने कहा कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के साथ लोगों की सोच में भी बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता एक भयमुक्त बंगाल का निर्माण करना है, जहां नगर निगम की सेवाएं पूरी तरह आम जनता की सेवा के लिए समर्पित रहें और कोई भी नागरिक मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे।उन्होंने मानसून से पहले सभी वार्डों में ड्रेनेज व्यवस्था की शीघ्र मरम्मत करने पर जोर देते हुए कहा कि बारिश का पानी सड़कों और घरों में प्रवेश न करे, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। साथ ही उन्होंने पेयजल आपूर्ति को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार नियमित रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर निगम के कर्मचारी किसी भी प्रकार के दबाव में काम न करें और स्वतंत्र रूप से जनता की सेवा करें। हालांकि, कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या गाफिलती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कुल्टी क्षेत्र के तीन सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों, बराकर और कुमारडीहा में उच्च क्षमता वाले हाईमास्ट लाइट लगाने तथा पूरे परिसर को घेराबंदी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों को असामाजिक तत्वों और नशाखोरों का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा। साथ ही इन स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सा सेवाओं को पुनः शुरू करने अथवा उन्हें जिला अस्पताल के अधीन लाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।डॉ. पोद्दार ने बताया कि कुल्टी क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़कों के विकास और मरम्मत को लेकर जिला प्रशासन से चर्चा हुई है। इनमें नियामतपुर से डिसेरगढ़ रोड की त्वरित मरम्मत, बराकर बेगुनिया से सांकतोरिया तक जर्जर सड़क का पुनर्निर्माण तथा बराकर स्टेशन से बेगुनिया होते हुए डिसेरगढ़ तक सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने की योजना शामिल है।उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सहयोग से कुल्टी क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

