अवैध निर्माण तोड़ने को निगम ने जारी किया आदेश, रबिउल ने कहा करेंगे खुलासा !
बंगाल मिरर, आसनसोल : आसनसोल नगर निगम ने सरकारी जमीन पर अवैध एवं अनधिकृत निर्माण के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया है। यह कार्रवाई आसनसोल के जीटी रोड स्थित आश्रम मोड़ के पास, बैंक ऑफ इंडिया के सामने किए गए अवैध निर्माण को लेकर की जा रही है।नगर निगम की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि वार्ड संख्या 43 के तालपुकुरिया बायलेन निवासी जावेद इकबाल एवं अन्य लोगों ने सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण की शिकायत करते हुए सामूहिक आवेदन दिया था। शिकायत के बाद निरीक्षण में पाया गया कि रबीउल इस्लाम द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध रूप से ढांचा तैयार किया गया है, जिससे आम राहगीरों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।नगर निगम के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उक्त अवैध निर्माण को 31 मई 2026 को सुबह 11:30 बजे ध्वस्त किया जाएगा।













इसके लिए निगम के इंजीनियरों, सर्वेयर एवं अन्य अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।साथ ही जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को भी कार्रवाई के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सहयोग देने को कहा गया है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे या निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रबिउल इस्लाम ने कहा 5 बजे पत्रकारों को बताएंगे कि आसनसोल में क्या चल रहा है।


