सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ से भक्तिमय हुआ वातावरण
बंगाल मिरर, आसनसोल। शहर के आनंदम रेसिडेंसी परिसर में आयोजित सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ इन दिनों अपने चरम भक्तिमय माहौल में पहुंच चुका है। कार्यक्रम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर हनुमान चालीसा पाठ, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आनंद ले रहे हैं। भक्ति रस में डूबे भक्तजन पाठ एवं भजनों को सुनकर मंत्रमुग्ध हो रहे हैं।इस भव्य धार्मिक आयोजन की मुख्य आयोजक एवं जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज की शिष्या निभा प्रकाश हैं, जो सनातन धर्म की संस्था आनंद वाहिनी की राष्ट्रीय महामंत्री भी हैं। विशेष बात यह रही कि उन्होंने अपनी विवाह वर्षगांठ भी भगवान हनुमान को समर्पित करते हुए इसी धार्मिक आयोजन के बीच मनाई।













इस अवसर पर एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए वैदिक पंडितों को विशेष दक्षिणा एवं वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।आयोजकों के अनुसार आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। कार्यक्रम में राजनीतिक क्षेत्र के प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा आम लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिल रही है।कार्यक्रम की सफलता पर आयोजक समिति के शम्भुनाथ झा ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि 12 जून को समापन समारोह के अवसर पर प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भव्य सांस्कृतिक एवं संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।


