Durgapur में सनसनी: आठवीं की छात्रा से होटल में सामूहिक दुष्कर्म, 3 गिरफ्तार
बंगाल मिरर, दुर्गापुर: पश्चिम बर्धनमान जिले के दुर्गापुर से एक बेहद हैरान करने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आठवीं कक्षा की एक छात्रा को पहले फुसलाकर घर से ले जाया गया, फिर नशीली दवा मिलाकर शराब पिलाई गई और इसके बाद होटल के कमरे में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। शनिवार को हुई इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव और सनसनी का माहौल है।पीड़ित परिवार के अनुसार, बुदबुद थाना क्षेत्र की रहने वाली इस नाबालिग छात्रा को उसकी ही एक सहेली घर से बुलाकर ले गई थी। आरोप है कि इसके बाद एक चार पहिया गाड़ी के अंदर छात्रा को जबरन शराब पिलाई गई और फिर तीन युवकों के हवाले कर दिया गया।













पीड़िता के पिता ने शिकायत में बताया कि उनकी बेटी को दुर्गापुर के सिटी सेंटर स्थित कबीगुरु इलाके के एक होटल में ले जाया गया। वहां राज मल्लिक और शेख अज़हरुद्दीन समेत तीन युवकों ने उसके साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को बुदबुद बाईपास इलाके में लावारिस हालत में फेंककर फरार हो गए। शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे जब परिवार को इस बात का पता चला, तो उन्होंने तुरंत दुर्गापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।शिकायत मिलते ही पुलिस एक्शन में आ गई और रविवार सुबह से ही आरोपियों की धरपकड़ के लिए सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल और पीड़ित से जुड़े जरूरी नमूने इकट्ठा कर लिए हैं। पीड़िता के पिता ने बुदबुद इलाके की रहने वाली सिमरन तामांग नाम की युवती पर मुख्य साजिशकर्ता होने का आरोप लगाया है, जो उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गई थी और शराब में नशीली दवा मिलाई थी ताकि वह बेहोश हो जाए। बदहवास हालत में सड़क पर पड़ी पीड़िता को एक टोटो (ई-रिक्शा) चालक ने देखा और सुरक्षित उसके घर पहुंचाया, जिसके बाद परिवार को इस खौफनाक सच का पता चला। पीड़िता का फिलहाल दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इस घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं। भाजपा युवा नेता पारिजात गांगुली ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद और साथ देने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसी हरकतों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।मामले की गंभीरता को देखते हुए आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणब कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सिमरन तामांग को इस पूरी घटना की मुख्य आरोपी माना जा रहा है। पुलिस कमिश्नर ने साफ किया कि मामले की गहन जांच जारी है और पकड़े गए आरोपियों को सोमवार को पुलिस रिमांड की मांग के साथ दुर्गापुर अनुमंडल अदालत में पेश किया जाएगा। इस जघन्य अपराध के बाद से स्टील सिटी दुर्गापुर के लोग गहरे सदमे और आक्रोश में हैं।


