ASANSOLDURGAPUR

दुर्गापुर में मृत व्यक्ति के आवास पर कब्जे का आरोप, मिठाई और गुलाब देकर 7 दिन की मोहलत

*बंगाल मिरर, दुर्गापुर, राजा बंदोपाध्याय:*दुर्गापुर के न्यू टाउनशिप थाना क्षेत्र के एमएएमसी टी-1 इलाके में शुक्रवार को एक मृत व्यक्ति के आवास पर कथित अवैध कब्जे को लेकर तनाव फैल गया। आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के प्रभाव का इस्तेमाल कर लंबे समय से तृणमूल समर्थक हीरक राय उर्फ गेंडा ने इस आवास पर कब्जा कर रखा है।भाजपा के सत्ता में आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने संबंधित आवास के सामने मिठाई और गुलाब रखकर प्रतीकात्मक रूप से घर खाली करने का संदेश दिया। साथ ही, सात दिनों के भीतर आवास खाली करने की समयसीमा दी गई।

चेतावनी दी गई कि यदि सात दिनों में आवास खाली नहीं किया गया, तो उसके बाद “अंडा थेरेपी” की जाएगी।परिवार के सदस्यों का दावा है कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में बचन सिंह की मृत्यु के बाद उनके आवास पर कब्जा कर लिया गया था। कई बार आवास वापस दिलाने की मांग की गई, लेकिन उन्हें धमकियां दी गईं। परिवार का यह भी आरोप है कि पुलिस प्रशासन से कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

इस संबंध में भाजपा नेता स्वतंत्र राय ने कहा, “इस आवास पर लंबे समय से कब्जा किया गया है। आज हम गुलाब और मिठाई देकर सात दिनों के भीतर आवास खाली करने का संदेश दे आए हैं। यदि ऐसा नहीं किया गया, तो ‘अंडा थेरेपी’ की जाएगी।”सूचना मिलने पर न्यू टाउनशिप थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।हालांकि, आरोपियों की ओर से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *